मुख्यपृष्ठनए समाचारशांति और भाईचारे के साथ निकलेगा ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का जुलूस... नैनी पुलिस की पीस...

शांति और भाईचारे के साथ निकलेगा ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का जुलूस… नैनी पुलिस की पीस कमेटी की बैठक में बनी सहमति

राजेश सरकार / प्रयागराज

बुधवार २६ अगस्त को अकीदत और एहतराम के साथ मनाए जाने वाले ईद-ए-मिलाद-उन-नबी (१२ रबीउल अव्वल) के मुकद्दस मौके पर निकलने वाला पारंपरिक ‘जुलूस-ए-मोहम्मदी’ अपने तयशुदा और पुराने मार्ग से ही शानो-शौकत के साथ निकाला जाएगा। शनिवार को नैनी के एक गेस्ट हाउस में आयोजित पीस कमेटी की अहम बैठक में सौहार्दपूर्ण माहौल के बीच इस पर अंतिम मुहर लग गई। पुलिस प्रशासन ने मुस्तैदी का भरोसा देते हुए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त करने का दावा किया है।
बाजार के मार्ग को लेकर हुई चर्चा
बैठक के दौरान नैनी बाजार चक रघुनाथ वार्ड के पार्षद राकेश जायसवाल ने आगामी रक्षाबंधन पर्व का हवाला देते हुए एक व्यावहारिक सुझाव रखा। उन्होंने अपील की कि २६ अगस्त को त्योहार के मद्देनजर नैनी बाजार के भीतर राखियां खरीदने वालों की भारी भीड़ उमड़ेगी। ऐसे में सुरक्षा और कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए जुलूस को बाजार के अंदर ले जाने के बजाय बाहरी मार्ग से निकाला जाए, ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने। उन्होंने याद दिलाया कि १६ साल पहले तक यह जुलूस बाहर से होते हुए कसाई मोहल्ले में जाकर संपन्न होता था। परंपरा पर अडिग रहा मुस्लिम पक्ष पार्षद के इस प्रस्ताव पर बैठक में मौजूद मुस्लिम समाज के गणमान्य नागरिकों और संभ्रांत लोगों ने अपनी बात रखी। मुस्लिम पक्ष ने अत्यंत सम्मानपूर्वक तर्क दिया कि पिछले १६ वर्षों से यह जुलूस नैनी बाजार के अंदर से ही शांतिपूर्ण ढंग से गुजरता आ रहा है। जुलूस का रूट चार्ट पहले से तय है और यह एक स्थापित परंपरा बन चुकी है। ऐन वक्त पर रूट में किसी भी तरह का बदलाव करना उचित नहीं होगा। मुस्लिम पक्ष की इस दलील के बाद पार्षद राकेश जायसवाल ने अंतिम निर्णय पूरी तरह से स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर छोड़ दिया।
पुलिस का सुरक्षा और मुस्तैदी का भरोसा
दोनों पक्षों की बातें सुनने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन ने स्थिति को संभाला। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को बेहद चाक-चौबंद रखा जाएगा। पुलिस ने पीस कमेटी के सभी सदस्यों को आश्वस्त किया कि जुलूस के दौरान बाजार और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा में कोई चूक न हो। किसी भी शरारती तत्व को माहौल बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी। ध्यान रहे जुलूस समय पर निकले और डीजे एवं बैंड नियम अनुसार प्रयोग हो। बैठक में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के त्योहारों का सम्मान करने और कौमी एकता की मिसाल कायम रखते हुए इस फैसले का स्वागत किया। इस दौरान विद्युत विभाग, नगर निगम, जल संस्थान के अधिकारी एवं विभिन्न वार्डों के पार्षद दिलीप केसरवानी, रणविजय सिंह डब्बू, मंडल अध्यक्ष रजत दुबे, नैनी कोतवाली के सभी चौकी प्रभारी व नाजिम खान, हाशिम, तारिक, नरेंद्र चौरसिया, राजेश जायसवाल, अनिल चौरसिय, सानू ओवैसी, जहीर भाई प्रधान मौजूद रहे। बैठक का संचालन नैनी व्यापार मंडल के महामंत्री घनश्याम जायसवाल ने किया।

अन्य समाचार