मुख्यपृष्ठनए समाचारआरक्षण की आग भड़की, झुलसेगी महायुति!

आरक्षण की आग भड़की, झुलसेगी महायुति!

-रोका… तो सोच लो! सरकार को जरांगे की सीधी चेतावनी, मुंबई कूच करेंगे मराठा

सामना संवाददाता / मुंबई

मराठा आरक्षण की मांग को लेकर एक बार फिर महाराष्ट्र की सियासत गरमा गई है। अंतरवाली सराटी में अनशन के १५वें दिन मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटील ने महायुति सरकार को सीधी चेतावनी देते हुए मुंबई कूच करने का एलान कर दिया है।
जरांगे पाटील ने स्पष्ट कहा कि मुंबई जाते समय मराठा आंदोलनकारियों को रास्ते में रोका गया तो वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। जहां रोका जाएगा, वहीं शांतिपूर्वक बैठकर आंदोलन शुरू कर देंगे। ऐसे में आरक्षण का मुद्दा अब अंतरवाली सराटी से निकलकर सीधे मुंबई की सड़कों तक पहुंचने वाला है।
अंतरवाली से मुंबई तक तय हुआ रास्ता
जरांगे पाटील ने मुंबई कूच का मार्ग भी घोषित कर दिया है। अंतरवाली सराटी से निकलने के बाद पहला पड़ाव बीड जिले का पटोदा, दूसरा अहिल्यानगर जिले का श्रीगोंदा, तीसरा पुणे का हडपसर और चौथा रायगड जिले का खोपोली होगा। खोपोली और कोपरखैरने को लेकर अंतिम पड़ाव पर चर्चा चल रही थी, लेकिन जरांगे ने खोपोली को ही अंतिम पड़ाव बताया है।
मुंबई पहुंचने के बाद आंदोलन खत्म नहीं होगा, बल्कि और तेज होगा। जरांगे पाटील ने घोषणा की है कि पांचवें दिन मुंबई के आजाद मैदान में पहुंचने पर सुबह १० बजे आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।
सरकार को खुली चुनौती
जरांगे पाटील ने पुलिस प्रशासन और राज्य के गृह मंत्री से अपील की कि मुंबई की ओर बढ़ रहे आंदोलनकारियों को रास्ते में रोकने का प्रयास न किया जाए। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों को सिर झुकाने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। उनका साफ संदेश है कि मराठा समाज अब आरक्षण के मुद्दे पर निर्णायक लड़ाई के लिए मुंबई पहुंचने की तैयारी में है।

अन्य समाचार