मुख्यपृष्ठटॉप समाचारपुणे की पूरी तरह वाट लग गई, कानून का डर खत्म!..कोर्ट के...

पुणे की पूरी तरह वाट लग गई, कानून का डर खत्म!..कोर्ट के बाहर आरोपी पर गोलीबारी, कोयते से हाथ काटे!!

सामना संवाददाता / पुणे

शहर में कानून-व्यवस्था सुचारु होने का ढिंढोरा पीटने वाले पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार की नाक के नीचे कोयताधारी गिरोह ने कल न्यायालय के बाहर कानून की धज्जियां उड़ा दीं और यह फिर स्पष्ट हो गया कि पुणे की पूरी तरह वाट लग गई है। हत्या के मामले में जमानत पर बाहर आए आरोपी पर गिरोह ने अंधाधुंध गोलीबारी करते हुए उसका पीछा किया और चॉपर व कोयते से ताबड़तोड़ वार किए। मुळशी पैटर्न फिल्म को भी शर्मिंदा कर दे, इस तरह गिरोह ने दौड़ाकर १० से १५ वार किए और उसके हाथों के पंजे काट डाले। दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर हुई इस खूनी वारदात से कई लोगों में दहशत पैâल गई। इस बीच, देर रात तक पुलिस ने इस मामले में दौंड इलाके से छह लोगों को हिरासत में ले लिया है।
अप्रैल २०२५ में कात्रज के संतोष नगर में जमीन विवाद को लेकर शुभम संतोष चव्हाण की हत्या हुई थी, जिसमें मंदार किवले मुख्य आरोपियों में शामिल था। १८ नवंबर को जमानत मिलने के बाद वह हाल ही में जेल से बाहर आया था। बुधवार दोपहर जब वह न्यायिक कामकाज के लिए कोर्ट जा रहा था, तभी मेट्रो स्टेशन के पास दोपहिया वाहनों पर आए हमलावरों ने उसे घेर लिया। पहले उस पर पिस्तौल से गोली चलाई गई, लेकिन निशाना चूकने पर गिरोह ने चॉपर और कोयते से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। हमलावरों ने मंदार की दोनों कलाइयों पर गंभीर वार किए, जिससे उसके हाथों के पंजे कटकर लटक गए। वारदात के बाद आरोपी कोयते लहराते हुए फरार हो गए।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से वकीलों और नागरिकों में भारी दहशत पैâल गई। डर के कारण कोई भी तुरंत मदद के लिए आगे नहीं आ सका। बाद में पुलिस ने घायल मंदार को उपचार के लिए ससून अस्पताल में भर्ती कराया और घटनास्थल से दो पिस्तौलें जब्त कीं। पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) गौहर हसन और पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने बताया कि मामले में छह आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
इससे पहले भी शिवाजीनगर कोर्ट परिसर में गैंगवार की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं और बम की धमकियों के बाद सांसद सुप्रिया सुले व पुणे बार एसोसिएशन के सचिव सम्राट जांभुलकर ने शहर और न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।
कोयताधारियों की दहशत से वकीलों, नागरिकों में थर्राहट
गिरोह ने कोयते से गंभीर वार कर मंदार को बुरी तरह घायल कर दिया। इस वारदात से प्रत्यक्षदर्शी के रूप में मौजूद सैकड़ों नागरिकों और वकीलों में दहशत पैâल गई। घायल मंदार मदद के लिए गुहार लगा रहा था, लेकिन गिरोह के डर से उसकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। हमलावरों के फरार होने के बाद मंदार खुद उठकर १० से १२ मीटर तक चला, लेकिन इसके बाद चक्कर आने पर वह वहीं गिर पड़ा। इस बीच, जानलेवा हमले की सूचना मिलते ही न्यायालय में बंदोबस्त के लिए तैनात पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। अपराध शाखा के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर आरोपियों की तलाश के लिए टीम रवाना की।

अन्य समाचार