मुख्यपृष्ठनए समाचारवाह रे महायुति!..रेल कोच कारखाने पर १४,४०० करोड़ खर्च, फिर भी नहीं...

वाह रे महायुति!..रेल कोच कारखाने पर १४,४०० करोड़ खर्च, फिर भी नहीं बना एक भी डिब्बा

-सरकार के विकास के दावों की खुली पोल किसानों की जमीन गई, स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिला

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र में विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाली भाजपा और महायुति सरकार की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लातूर स्थित मराठवाड़ा रेल कोच कारखाने में कथित १४,४०० करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए कांग्रेस और स्थानीय संघर्ष समिति ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आठ वर्ष बीतने के बावजूद एक भी पूरा रेल डिब्बा तैयार नहीं होने का आरोप लगाते हुए आंदोलनकारियों ने परियोजना से जुड़ी कंपनी का प्रतीकात्मक श्राद्ध कर अपना आक्रोश जाहिर किया।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अभय सालुंके ने आरोप लगाया कि चेन्नई स्थित भारतीय सरकारी रेल कंपनी कम लागत में डिब्बे बनाने के लिए तैयार थी, लेकिन इसके बावजूद लगभग १४ हजार करोड़ रुपये का ठेका रूसी साझेदारी वाली कंपनी को सौंप दिया गया। उनका दावा है कि परियोजना पर १४,४०० करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद उत्पादन के नाम पर केवल बाहर से लाई गई अधूरी बोगियों का उद्घाटन किया जा रहा है। सबसे बड़ा सवाल स्थानीय रोजगार को लेकर है। परियोजना के लिए किसानों ने लगभग ३५१ एकड़ जमीन विकास और रोजगार की उम्मीद में दी थी। लाखों नौकरियों का सपना दिखाया गया, लेकिन स्थानीय तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को स्थायी रोजगार नहीं मिला। आरोप है कि आईटीआई और तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं से सुरक्षा गार्ड तथा सफाईकर्मी जैसे काम कराए जा रहे हैं। स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र से सामग्री खरीदने के बजाय बाहर से सामान और कर्मचारी लाए जाने का भी आरोप है। राष्ट्रवादी कांग्रेस की नेता सक्षणा सलगर ने परियोजना के वास्तविक खर्च और स्थानीय लोगों को मिले रोजगार का हिसाब सार्वजनिक करने के लिए श्वेतपत्र जारी करने की मांग की है।

अन्य समाचार