– पहले ऑक्सफोर्ड में बोलने से रोका, अब पासपोर्ट में जन्मस्थान पर सवाल!
– सौरव दास ने केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
सरकार की नीतियों और व्यवस्था पर सवाल उठाने वाली आवाजों को दबाने की कोशिश हो रही है? कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक और प्रवक्ता सौरव दास ने केंद्र की मोदी सरकार पर ऐसे ही गंभीर आरोप लगाए हैं। दास का दावा है कि उन्हें लंदन जाने से रोकने के लिए उनके पासपोर्ट को निशाने पर लिया गया। पहले ऑक्सफोर्ड में आयोजित कार्यक्रम में बोलने के लिए जा रहे दास को दिल्ली हवाई अड्डे पर रोक दिया गया और अब उनके पासपोर्ट में जन्मस्थान से जुड़ी कथित गड़बड़ी को लेकर जवाब मांगा गया है।
ब्रिटेन के शैक्षणिक संस्थानों ने दास को किया था आमंत्रित
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक और प्रवक्ता सौरव दास को ब्रिटेन में ऑक्सफोर्ड यूनियन की ओर से आयोजित एक परिचर्चा में शामिल होना था। इसके अलावा उन्हें ब्रिटेन के कुछ अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी कार्यक्रमों के लिए आमंत्रित किया गया था। दास के मुताबिक, वे दिल्ली हवाई अड्डे पर लंदन जाने वाली उड़ान पकड़ने पहुंचे तो आव्रजन अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया। उनका आरोप है कि उस समय उन्हें यात्रा रोकने से संबंधित कोई आधिकारिक आदेश नहीं दिखाया गया। दास ने इस कार्रवाई को सरकार की ओर से उनकी आवाज दबाने की कोशिश करार दिया। इस विवाद पर विदेश मंत्रालय ने २५ नवंबर को सफाई दी। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने २३ नवंबर को दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
