मुख्यपृष्ठनए समाचार५०० करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी बदहाल साइकिल ट्रैक

५०० करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी बदहाल साइकिल ट्रैक

-अब सुरक्षा और रखरखाव पर मनपा खर्च करेगी १.३३ करोड़ रुपये

फिरोज खान / मुंबई

मुंबईकरों के टैक्स के पैसों से विकास परियोजनाएं बनाने वाली मनपा की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। तानसा जलापूर्ति पाइपलाइन के किनारे साइकिल ट्रैक बनाने पर करीब ५०० करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन आज यही ट्रैक बदहाली, अंधेरे, अतिक्रमण और असामाजिक गतिविधियों की समस्या से जूझ रहा है। अब इसकी देख-रेख और सुरक्षा के नाम पर मनपा १.३३ करोड़ रुपये और खर्च करने की तैयारी में है।
१८.६ किलोमीटर लंबे इस साइकिल ट्रैक पर कई जगहों की स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक गतिविधियां होने की शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे में मनपा ने १२ महीने के रखरखाव का ठेका देने का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, बिजली व्यवस्था का रखरखाव और सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएंगे। पुलिस से नियमित गश्त की भी मांग की गई है।
हैरानी की बात यह है कि इस परियोजना का उद्देश्य अतिक्रमण हटाकर पाइपलाइन के आसपास हरित क्षेत्र और नागरिकों के लिए मनोरंजन की सुविधाएं विकसित करना था। वर्ष २०१७ में अदालत के निर्देश के बाद पाइपलाइन के दोनों ओर से १६ हजार से अधिक अतिक्रमण हटाए गए थे। वर्ष २०२० में करीब ५०० करोड़ रुपये खर्च कर साइकिल ट्रैक बनाया गया।
लेकिन करोड़ों खर्च होने के बावजूद परियोजना अपने मूल उद्देश्य को पूरी तरह हासिल नहीं कर सकी। इससे पहले रखरखाव के लिए ७ करोड़ रुपये का प्रस्ताव भी विरोध के बाद रोक दिया गया था। जनप्रतिनिधियों ने सवाल उठाया था कि जब कई जगह ट्रैक बदहाल हैं और बगीचे तक मौजूद नहीं हैं, तो करोड़ों रुपये किस बात के लिए खर्च किए जा रहे हैं।

अन्य समाचार