मुख्यपृष्ठसंपादकीयसंपादकीय : हुआंग लौट आए

संपादकीय : हुआंग लौट आए

एक चीनी महिला से अफेयर के चलते जेन्सन हुआंग को `एनवीडिया’ जैसी अग्रणी कंपनी छोड़नी पड़ी। यह एआई चिप बनाने वाली दुनिया की लीडिंग कंपनी है। इस कंपनी को खड़ा करने में हुआंग ने अथाह मेहनत की और इस क्षेत्र में अपना साम्राज्य स्थापित किया। हुआंग एनवीडिया के `सीईओ’ यानी मुख्य कार्यकारी अधिकारी थे। साथ काम करने वाली एक चीनी युवती से उनके तार जुड़ गए और दोनों को मोहब्बत हो गई। उस अफेयर के उजागर होते ही `वह चीनी महिला कोई मामूली लड़की नहीं, बल्कि अमेरिका में रहकर जासूसी कर रही थी’, ऐसा हंगामा मच गया। नैतिकता के मुद्दे पर हुआंग ने इस्तीफा दे दिया, लेकिन महज दो हफ्तों के भीतर ही हुआंग काम पर वापस लौट आए हैं। कंपनी के निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से हुआंग की पुनर्नियुक्ति का पैâसला लिया। कुछ लोगों को लगा कि अमेरिकी कंपनियों में चीन की जासूसी राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा है, लेकिन खुद राष्ट्रपति ट्रंप आठ दिन पहले चीन के शेनजेन शहर में पुतिन और जिनपिंग के साथ एपीईसी बैठक में शामिल हुए थे और उन्होंने इस बैठक को ऐतिहासिक बताया था। इस बैठक में राष्ट्रपति ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति के साथ दो घंटे तक चर्चा की, लेकिन `चीन’ अमेरिकी कंपनियों में जासूसी कर रहा है, यह विषय उन्होंने बातचीत में उठाया तक नहीं। उल्टा, अब ट्रंप ने हुआंग की पुनर्नियुक्ति के फैसले का स्वागत किया है और कहा है कि हुआंग से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है। इसका मतलब यह है कि हुआंग की
काबिलियत के आड़े
उनका अफेयर नहीं आता। निजी अफेयर अलग बात है और अपने क्षेत्र में हुआंग की कार्यक्षमता अलग। पुनर्नियुक्ति के बाद प्रतिक्रिया देते हुए हुआंग ने कहा, `नई औद्योगिक क्रांति की दहलीज पर खड़ी दुनिया की एक महत्वपूर्ण टेक्नोलॉजी कंपनी का नेतृत्व करने के लिए एनवीडिया में लौटना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं यह जिम्मेदारी अत्यंत विनम्रता और नई प्रतिबद्धता के साथ स्वीकार कर रहा हूं।’ हुआंग की भावनाएं बिल्कुल जायज हैं। जब हुआंग ने कंपनी छोड़ी थी, तब एनवीडिया के शेयर धड़ाम से गिर गए थे और कल जब वे कंपनी में लौटे, तो उसी कंपनी के शेयर ३० से ३२ प्रतिशत तक उछल गए। दुनियाभर के कर्मचारियों ने हुआंग का स्वागत किया। उन कर्मचारियों को इस बात से कोई लेना-देना नहीं है कि हुआंग किसके साथ अफेयर चला रहे हैं। हुआंग कंपनी के सर्वेसर्वा हैं और उन्हीं के नेतृत्व में कंपनी आगे बढ़ेगी तथा उनकी नौकरियां सुरक्षित रहेंगी, कर्मचारियों को यह भरोसा महसूस होता है, यही सबसे अहम है। एनवीडिया कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्रांति के केंद्र में स्थित कंपनी है। हुआंग के नेतृत्व में यह एक ग्राफिक कार्ड कंपनी से दुनिया की सबसे प्रभावशाली और मूल्यवान कंपनियों में से एक बन गई। हुआंग के बिना इस कंपनी की कल्पना भी नहीं की जा सकती, इतना बड़ा काम इस शख्स ने कर दिखाया है। इसलिए राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा हुआंग का समर्थन करना और अमेरिकी प्रशासन का उनके पीछे खड़े होना कोई आश्चर्य की बात नहीं लगती। हुआंग ने अमेरिका के
`डेनीज’ रेस्टोरेंट में
कप-प्लेट धोने का काम किया। उन्होंने वेटर और बस बॉय के रूप में भी काम किया। आगे चलकर उन्होंने स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय से मास्टर डिग्री हासिल की और इलेक्ट्रिकल इंजीनियर बने। तीस वर्ष की आयु में, १९९३ में उन्होंने एनवीडिया की स्थापना की। आज इस कंपनी का कारोबार छह ट्रिलियन डॉलर से भी अधिक है। यानी अमेरिकी अर्थव्यवस्था का ढांचा ऐसी ही कंपनी के स्तंभ पर टिका हुआ है। एक महिला के साथ अफेयर की वजह से जेन्सन हुआंग अपना ही खड़ा किया हुआ साम्राज्य छोड़कर चले जाएं, यह ठीक नहीं है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन का भी `व्हाइट हाउस’ में मोनिका लेविंस्की के साथ अफेयर चला था। उन्होंने देश से माफी मांगी और मामले को रफा-दफा कर दिया। उससे पहले राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी और अभिनेत्री मर्लिन मुनरो का व्हाइट हाउस का प्रेम प्रसंग भी खूब चर्चित रहा, लेकिन ऐसे मामलों का शोर मचने के कारण किसी ने भी राष्ट्रपति पद नहीं छोड़ा। एपस्टीन फाइल मामले में राष्ट्रपति ट्रंप का नाम सामने आने के बावजूद वे पद पर बने हुए हैं और अब ट्रंप के समर्थन से हुआंग की एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर फिर से नियुक्ति हो गई है। कॉर्पोरेट जगत की दुनिया ही निराली है। उनके अफेयर और झमेले उन्हीं को सुलझाने दीजिए। फिलहाल, तो हुआंग के अपनी कंपनी में लौटने का स्वागत करते हैं। अमेरिका चीन पर और चीन अमेरिका पर हमेशा ही नजर रखता आया है। यह तो उनका पुराना ही खेल है।

अन्य समाचार