मुख्यपृष्ठनए समाचार‘वोट चोरी’ के खिलाफ आज फिर सड़कों पर उतरेगा विपक्ष

‘वोट चोरी’ के खिलाफ आज फिर सड़कों पर उतरेगा विपक्ष

-संविधान दिवस पर देशव्यापी मार्च का एलान

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विपक्ष ने एक बार फिर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। संविधान दिवस के अवसर पर २६ नवंबर को कांग्रेस देशभर में संविधान रक्षा मार्च निकालेगी। इस आंदोलन के जरिए विपक्ष मताधिकार की सुरक्षा, चुनाव आयोग की जवाबदेही और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता का मुद्दा उठाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लखनऊ में आयोजित मार्च में शामिल होंगे।
कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने घोषणा की है कि सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियां अपने-अपने राज्यों में संविधान रक्षा मार्च आयोजित करेंगी। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक भविष्य और संविधान की रक्षा से जुड़ी है। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं और इससे गरीबों, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों, प्रवासी मजदूरों तथा शादी के बाद घर बदलने वाली महिलाओं के मताधिकार पर असर पड़ सकता है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले भी कर्नाटक के महादेवपुरा और अन्य क्षेत्रों में मतदाता सूची में कथित फर्जी एवं दोहरे नामों तथा वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाए जाने के आरोप लगा चुके हैं। वेणुगोपाल ने चुनाव आयोग पर इन शिकायतों की निष्पक्ष जांच नहीं कराने का आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और उसकी जवाबदेही को लेकर उठ रहे सवालों का समाधान पारदर्शी जांच से ही संभव है।
संविधान दिवस पर होने वाले इस आंदोलन के जरिए कांग्रेस मतदाता सूची के पुनरीक्षण और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को राष्ट्रीय बहस के केंद्र में लाने की कोशिश करेगी। अब देखना होगा कि विपक्ष के इन सवालों पर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार की ओर से क्या जवाब दिया जाता है।
संविधान की प्रस्तावना पढ़कर लेंगे शपथ
कांग्रेस के मुताबिक, देशभर में निकाले जाने वाले मार्च की शुरुआत डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमा से होगी। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया जाएगा और न्याय, स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुत्व के मूल्यों की रक्षा की शपथ ली जाएगी। इसके साथ ही पार्टी ‘वोट रक्षक’ अभियान के तहत मतदान केंद्रों पर जाकर मतदाता सूची से हटाए गए नामों की जानकारी जुटाएगी और प्रभावित मतदाताओं को नाम दोबारा जुड़वाने में मदद करेगी।

अन्य समाचार