मुख्यपृष्ठनए समाचारफडणवीस का गृह विभाग पूरी तरह नाकाम!..सुप्रिया सुले का सरकार पर तीखा...

फडणवीस का गृह विभाग पूरी तरह नाकाम!..सुप्रिया सुले का सरकार पर तीखा हमला

सामना संवाददाता / पुणे

महाराष्ट्र में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर महायुति सरकार एक बार फिर कटघरे में है। पुणे के शिवाजीनगर न्यायालय के बाहर दिनदहाड़े गोलीबारी और धारदार हथियार से हुए जानलेवा हमले ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के गृह विभाग पर जोरदार हमला बोला है।
सुले ने कहा कि शिक्षा और संस्कृति की राजधानी के रूप में पहचाने जाने वाले पुणे की पहचान अब अपराध और दहशत के शहर के रूप में बनती जा रही है। न्याय का मंदिर कहे जाने वाले न्यायालय परिसर में दिनदहाड़े गोलीबारी और कोयते से हमला होना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। उन्होंने सवाल उठाया कि न्यायालय परिसर में पुलिस चौकी, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की लगातार आवाजाही होने के बावजूद हमलावर हथियार लेकर कैसे पहुंच गए? क्या अपराधियों के मन से कानून और पुलिस का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है? सुले ने आरोप लगाया कि पुणे में कोयता गिरोहों की दहशत, गोलीबारी, सरेआम हत्याओं और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने पुणे पुलिस और राज्य के गृह विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि केवल घोषणाओं और कागजी कार्रवाई से अपराध नहीं रुकेंगे।

अन्य समाचार