मुख्यपृष्ठनए समाचारअब हर फ्लैट की होगी अपनी सरकारी पहचान!

अब हर फ्लैट की होगी अपनी सरकारी पहचान!

-जमीन का सातबारा ही नहीं, प्रत्येक सदनिका का भी बनेगा अधिकार अभिलेख; चंद्रशेखर बावनकुले की पहल से महाराष्ट्र की संपत्ति व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी

राजन पारकर / मुंबई

महाराष्ट्र में अब केवल जमीन का सातबारा या संपत्ति पत्रिका ही संपत्ति के अधिकार का आधार नहीं रहेगी, बल्कि जमीन पर खड़ी इमारत के प्रत्येक पात्र फ्लैट की भी अपनी स्वतंत्र सरकारी पहचान बनाने की तैयारी है। इसे कहते हैं व्यवस्था में वास्तविक बदलाव की सोच! वर्षों से मुंबई सहित राज्य के लाखों फ्लैटधारक अपने घर के स्वामित्व के लिए पंजीकृत समझौते, सोसायटी के प्रमाणपत्र, महानगरपालिका के कर अभिलेख और बैंक के दस्तावेजों का पुलिंदा संभालते आ रहे हैं। मगर सवाल यह है कि जिस घर को खरीदने के लिए नागरिक अपनी जिंदगी की कमाई लगा देता है, उस घर का स्वतंत्र सरकारी अधिकार अभिलेख आखिर अब तक क्यों नहीं था?
राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के नेतृत्व में प्रस्तावित वर्टिकल प्रॉपर्टी कार्ड की व्यवस्था इसी सवाल का जवाब देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। महाराष्ट्र जमीन राजस्व संहिता, 1966 के अंतर्गत प्रस्तावित नियम, 2026 के अनुसार, अब इमारत का अलग मुख्य अभिलेख और प्रत्येक पात्र सदनिका का स्वतंत्र पूरक अधिकार अभिलेख तैयार करने की योजना है।
प्रस्ताव के अनुसार, नगर भूमापन क्षेत्र में पूरी इमारत के लिए D-1 और प्रत्येक फ्लैट के लिए D-2 नमूना होगा। ग्रामीण तथा अन्य क्षेत्रों में इमारत के लिए गांव नमूना 7-क और प्रत्येक सदनिका के लिए गांव नमूना 7-ड प्रस्तावित है। अर्थात पहले पूरी इमारत का हिसाब-किताब और फिर हर फ्लैट का अलग विवरण। इमारत का कुल क्षेत्रफल कितना, खुली जगह कितनी, सड़क के नीचे कितनी जमीन, साझा सुविधाओं का क्षेत्र कितना और प्रत्येक फ्लैट का मंजूर क्षेत्रफल कितना, इन सबका सरकारी रिकॉर्ड तैयार करने की परिकल्पना है।
यहां एक महत्वपूर्ण सवाल भी खड़ा होता है। मुंबई में अनेक इमारतों में खुली जगह, पार्किंग, साझा सुविधाओं, जिम, क्लब हाउस और जमीन के हस्तांतरण को लेकर विवाद होते रहे हैं। कहीं विकासक ने अभिहस्तांतरण नहीं किया, कहीं भोगवटा प्रमाणपत्र अधूरा है, तो कहीं मंजूर निर्माण आराखड़े और वास्तविक निर्माण के बीच अंतर है। ऐसे में वर्टिकल प्रॉपर्टी कार्ड केवल कागजी औपचारिकता बनकर न रह जाए, इसकी जिम्मेदारी राजस्व विभाग की होगी।
प्रस्तावित व्यवस्था में प्रत्येक सदनिका का स्वतंत्र पहचान क्रमांक, धारक का नाम, मंजूर क्षेत्रफल, संबंधित अधिकार और बैंक ऋण अथवा गहाण जैसे बोजों का विवरण दर्ज करने की योजना है। संपत्ति कर की बकाया राशि, सोसायटी की देनदारियों और न्यायालयीन प्रतिबंधों की जानकारी भी लागू प्रक्रिया तथा सक्षम प्राधिकरण से प्राप्त प्रमाणित अभिलेखों के आधार पर दर्ज की जा सकेगी।
डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से पंजीकरण एवं मुद्रांक विभाग, सहकार विभाग, महानगरपालिका, नियोजन प्राधिकरण, महारेरा और भूमि अभिलेख विभाग को जोड़ने की योजना भी है। सुनने में यह व्यवस्था जितनी आकर्षक है, उतनी ही बड़ी चुनौती इसके क्रियान्वयन में है। आखिर अलग-अलग विभागों के रिकॉर्ड में वर्षों से चली आ रही विसंगतियों को कौन दूर करेगा? क्या विकासक की गलती का खामियाजा फ्लैटधारक भुगतेगा? क्या बिना अभिहस्तांतरण वाली सोसायटियों को भी न्याय मिलेगा?
पुनर्विकास के मामलों में भी यह व्यवस्था महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। पुरानी इमारत के स्थान पर नई इमारत बनने पर पुराने अभिलेख नियमानुसार, बंद अथवा अद्यतन करके नए मंजूर आराखड़े के अनुसार अधिकार अभिलेख तैयार करने का प्रस्ताव है। इससे पुनर्विकास में सदनिकाओं की पहचान और क्षेत्रफल को लेकर होने वाले विवाद कम करने में सहायता मिल सकती है।
लेकिन बावनकुले जी, असली परीक्षा यहीं से शुरू होती है! महाराष्ट्र में हजारों पुरानी इमारतें ऐसी हैं, जहां भोगवटा प्रमाणपत्र, मंजूर आराखड़े, जमीन के स्वामित्व और हस्तांतरण के प्रश्न आज भी लंबित हैं। क्या इन इमारतों के लिए विशेष समाधान व्यवस्था बनेगी? क्या गलत प्रविष्टियों के विरुद्ध नागरिकों को सुनवाई और अपील का अधिकार मिलेगा? क्या सोसायटी के प्रत्येक सदस्य को अपने अधिकारों का सत्यापन करने की सुविधा मिलेगी?
प्रस्तावित नियमों पर 30 दिनों में आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित करने, उनके परीक्षण के बाद अंतिम नियम बनाने तथा पहले प्रायोगिक स्तर पर और फिर चरणबद्ध तरीके से राज्यभर में व्यवस्था लागू करने की योजना है। इसलिए नागरिकों, आवासीय संस्थाओं और विशेषज्ञों को इस अवसर का उपयोग करके अपनी आपत्तियां और सुझाव अवश्य प्रस्तुत करने चाहिए।
सरकार को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि वर्टिकल प्रॉपर्टी कार्ड किसी विकासक, बैंक या प्रशासनिक संस्था के लिए नया कागजी हथियार न बने, बल्कि आम नागरिक के संपत्ति अधिकारों का सुरक्षा कवच बने।
आखिर घर खरीदने वाला नागरिक केवल चार दीवारें नहीं खरीदता, वह अपनी जिंदगी की कमाई और परिवार का भविष्य उस घर में निवेश करता है। इसलिए उसके घर का अधिकार भी सरकारी अभिलेख में उतना ही स्पष्ट होना चाहिए, जितना जमीन का सातबारा!
अब देखना यह है कि चंद्रशेखर बावनकुले की यह पहल सरकारी फाइलों से निकलकर महाराष्ट्र के प्रत्येक पात्र फ्लैटधारक के हाथों तक कब पहुंचती है। क्योंकि घोषणा से व्यवस्था नहीं बदलती, व्यवस्था तब बदलती है जब आम आदमी को उसके अधिकार का प्रमाण मिलता है!

अन्य समाचार