मुख्यपृष्ठस्तंभसेलेब्स स्कैंडल्स : शादी के भीतर शुरू हुआ संबंध...जिसने तोड़ दिया ‘ब्रिटेन...

सेलेब्स स्कैंडल्स : शादी के भीतर शुरू हुआ संबंध…जिसने तोड़ दिया ‘ब्रिटेन का आदर्श दंपति’

एस. आसिफ

भाग -१३

अभिनेता-निर्देशक केनेथ ब्राना और एमा थॉम्पसन की मुलाकात वर्ष १९८७ में टेलीविजन श्रृंखला ‘फॉर्च्यून्स ऑफ वॉर’ के दौरान हुई थी। दोनों ने १९८९ में विवाह किया और कई फिल्मों तथा नाटकों में साथ काम किया। ब्रिटिश मीडिया उन्हें इतना सफल और प्रतिभाशाली दंपती मानता था कि दोनों की जोड़ी को अक्सर एक सांस्कृतिक ‘पावर कपल’ के रूप में पेश किया जाता था। लेकिन लगातार काम, अलग-अलग परियोजनाओं और निजी दूरी के बीच उनका संबंध कमजोर पड़ने लगा।
हेलेना से फिल्म के सेट पर बढ़ी नजदीकी
वर्ष १९९४ में केनेथ ब्राना ने फिल्म ‘मैरी शेलीज फ्रेंकेंस्टाइन’ का निर्देशन किया और उसमें अभिनय भी किया। फिल्म में हेलेना बोनहम कार्टर उनकी सह-अभिनेत्री थीं। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकी बढ़ने और प्रेम संबंध शुरू होने की खबरें सामने आईं। उस समय ब्राना एमा थॉम्पसन से विवाहित थे। ब्राना और थॉम्पसन ने १९९५ में अलग होने की घोषणा की। शुरुआत में सार्वजनिक बयान में अत्यधिक व्यस्त कार्यजीवन को अलगाव का कारण बताया गया, लेकिन बाद में एमा ने स्पष्ट किया कि बेवफाई ने उनका दिल तोड़ दिया था।
‘लव एक्चुअली’ में जीवित हुआ असली दर्द
वर्ष २००३ की फिल्म ‘लव एक्चुअली’ में एमा ने ऐसी पत्नी की भूमिका निभाई, जिसे पता चलता है कि उसका पति किसी दूसरी महिला के लिए महंगा हार खरीद रहा है। कमरे में अकेले रोने वाला उनका दृश्य फिल्म के सबसे मार्मिक दृश्यों में गिना जाता है। एमा ने बाद में बताया कि वह उस दृश्य के लिए अपने वास्तविक वैवाहिक दर्द से जुड़ीं-उन्हें मालूम था कि दिल टूटने के बाद अकेले रोकर फिर बच्चों और परिवार के सामने सामान्य कैसे दिखना पड़ता है।
दोनों ने बाद में बसाया नया जीवन
एमा थॉम्पसन ने अभिनेता ग्रेग वाइज के साथ नया जीवन शुरू किया और २००३ में उनसे विवाह किया। केनेथ ब्राना ने कला निर्देशक लिंडसे ब्रुनॉक से २००३ में शादी की। एमा ने वर्षों बाद कहा कि वह हेलेना से भी सुलह कर चुकी हैं और अब पुराने संबंध को लेकर उनके मन में नाराजगी नहीं है। उन्होंने इसे ‘बह चुका खून’ बताते हुए कहा कि पुराने दर्द को हमेशा पकड़े रखना व्यर्थ है।

अन्य समाचार