मुख्यपृष्ठनए समाचार‘लव कनेक्शन’ ने एमपीएससी की परीक्षा व्यवस्था की खोली पोल!

‘लव कनेक्शन’ ने एमपीएससी की परीक्षा व्यवस्था की खोली पोल!

-पेपर लीक मामले में प्रेमी गिरफ्तार
-आयोग ने पूरी भर्ती प्रक्रिया की रद्द

सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) के ड्रग इंस्पेक्टर पेपर लीक मामले में पुलिस जांच में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। भरोसेमंद सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे कांड के पीछे एक लव स्टोरी है। एक प्रेमी ने आयोग के एक छोटे कर्मचारी के साथ मिलकर पेपर लीक किया और अपनी प्रेमिका तक पहुंचाया। मुंबई पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
मुंबई क्राइम ब्रांच की शुरुआती जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया है कि लीक हुआ पेपर सिर्फ एक ही उम्मीदवार को मिला था और उसने इसका फायदा उठाया। इसके बावजूद आयोग ने पूरी भर्ती प्रक्रिया ही रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है। महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग द्वारा एफडीए में ड्रग इंस्पेक्टर (ग्रुप-बी) पद के लिए भर्ती निकाली गई थी। २२ मार्च, २०२६ को राज्य के ६ संभागीय मुख्यालयों में स्क्रीनिंग टेस्ट ऑफलाइन हुआ। १२ जून, को रिजल्ट घोषित हुआ, ५०६ उम्मीदवार इंटरव्यू के लिए पात्र हुए।२२ जुलाई को ४८५ पात्र उम्मीदवारों की मेरिट लिस्ट वेबसाइट पर डाली गई। इसके बाद पेपर लीक की शिकायत मिली। क्राइम ब्रांच की जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर आयोग ने पूरी प्रक्रिया कैंसल कर दी। आयोग ने कहा है कि अब दोबारा परीक्षा ली जाएगी। उम्मीदवारों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है और कोई फीस भी नहीं ली जाएगी। नई तारीख की घोषणा अलग प्रेस रिलीज से की जाएगी।
लव स्टोरी सैकड़ों पर भारी
पुलिस सूत्रों का कहना है कि पूरा प्रोसेस मौजूदा अध्यक्ष के जॉइन करने से पहले ही पूरा हो गया था। भले ही पेपर सिर्फ एक को मिला, लेकिन इस लव स्टोरी का खामियाजा ५०० से ज्यादा मेहनती छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

अन्य समाचार