सामना संवाददाता / नई दिल्ली
देश में बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को मोदी सरकार पर हमला तेज कर दिया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतों को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि लगातार बढ़ते खर्च के बीच आम आदमी आखिर घर वैâसे चलाए?
खड़गे का आरोप है कि जनता की रसोई महंगाई से परेशान है, लेकिन सरकार असली मुद्दों से ध्यान भटकाने में लगी है। खड़गे ने मई २०१३ और अगस्त २०२६ की कीमतों की तुलना करते हुए दावा किया कि टमाटर १७.५० रुपए से बढ़कर १२० रुपए किलो, आटा २१ से ६९ रुपए और प्याज २३ से ७३ रुपए तक पहुंच गया है। सरसों के तेल और दालों की कीमतों में भी बढ़ोतरी का दावा किया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि जब आम परिवार की आय और खर्च का संतुलन बिगड़ रहा है, तब सरकार महंगाई पर ठोस राहत क्यों नहीं दे रही? खड़गे का आरोप है कि भाजपा सरकार के करीब १२ साल बाद भी जनता को महंगाई से राहत नहीं मिली। कभी दाल, कभी सब्जी, कभी तेल और कभी चीनी की बढ़ती कीमतें घरेलू बजट को लगातार झटका दे रही हैं। कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि जिन ‘अच्छे दिनों’ का वादा किया गया था, वे अब आम परिवारों के लिए महंगे दिनों में बदलते नजर आ रहे हैं।
`बेतुकी बातों से नहीं भरेगा पेट’
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे का आरोप है कि जनता को राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि सस्ती और स्थिर कीमतों की जरूरत है। हालांकि, बताए गए आंकड़े राजनीतिक दावे हैं और अलग-अलग बाजारों में कीमतें अलग हो सकती हैं।
