सामना संवाददाता / मुंबई
अमरावती के शासकीय महिला अस्पताल के नवजात शिशु कक्ष में लगी भीषण आग में तीन नवजात बच्चों की मौत ने पूरे महाराष्ट्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर अस्पताल में अपने बच्चों को खोने वाली माताओं की चीख-पुकार है, तो दूसरी ओर इस घटना को लेकर सरकारी तंत्र की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लेकिन सरकार और उसके मंत्री पर इस मामले को लेकर कोई गंभीरता नहीं है। राज्य में अस्पतालों में सुरक्षा नहीं है। ऐसी घटनाएं हो रही है और जिले के पालक मंत्री राजस्थान में जाकर गोलगप्पे अर्थात पानीपुरी खा रहे हैं। ऐसे शब्दों में शिवसेना उपनेता सुषमा अंधारे ने पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले पर बेहद तीखा हमला बोला है। अमरावती दौरे पर पहुंचीं सुषमा अंधारे ने अस्पताल का जायजा लेने के बाद अधिकारियों को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि जब अस्पताल में नवजात बच्चे झुलसकर मर रहे थे, तब पालकमंत्री राजस्थान में पानीपुरी खाते नजर आ रहे थे। इस दौरान उन्होंने राजस्थान दौरे के दौरान बावनकुले का पानीपुरी खाते हुए वीडियो भी दिखाया और सरकार की संवेदनहीनता पर सवाल उठाए।
