मुख्यपृष्ठनए समाचारराहुल पर एफआईआर...कांग्रेस का सरकार पर वार!

राहुल पर एफआईआर…कांग्रेस का सरकार पर वार!

-मुंबई में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन;
-बोली-‘विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश’

द्रुप्ति झा / मुंबई

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुई सार्वजनिक सभा के बाद कथित जातिगत भेदभाव और सफाई के मामले ने महाराष्ट्र की सियासत को भी गरमा दिया है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा इस मामले में आवाज उठाने और कार्रवाई की मांग किए जाने के बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने का मुंबई कांग्रेस ने कड़ा विरोध किया है। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार देते हुए राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर तत्काल रद्द करने की मांग की है। इसी मुद्दे को लेकर मुंबई कांग्रेस ने मंगलवार को भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड़ के नेतृत्व में हुए आंदोलन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस और जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। कांग्रेस ने मांग की कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द की जाए और खड़गे के साथ कथित भेदभाव के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
संविधान की प्रति लेकर भाजपा कार्यालय जाने की तैयारी
मुंबई कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा कार्यालय जाकर संविधान की प्रति सौंपने का फैसला किया था। कांग्रेस के मुताबिक, पुलिस ने उन्हें भाजपा कार्यालय जाने से रोक दिया। इसके बाद वर्षा गायकवाड़ समेत कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर आजाद मैदान पुलिस स्टेशन पहुंचाया। बाद में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस उपायुक्त को संविधान की एक प्रति और अपना बयान सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से आग्रह किया कि संविधान की यह प्रति भाजपा कार्यालय तक पहुंचाई जाए।

अन्य समाचार