– भायंदर खाड़ी के रेलवे पुल के नीचे लटककर स्टंट, छह नपे
सामना संवाददाता / मुंबई
सोशल मीडिया पर चंद ‘लाइक’ और ‘व्यू’ पाने की सनक में कुछ युवकों ने अपनी जान तो जोखिम में डाली ही, रेलवे सुरक्षा को भी चुनौती दे डाली। भायंदर खाड़ी पर बने रेलवे पुल के नीचे करीब १२ मीटर की ऊंचाई पर लटककर पुल-अप करने और ग्रैफिटी बनाने का वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
आरपीएफ के मुताबिक घटना ९ अगस्त की है। युवकों का समूह कथित रूप से बिना अनुमति रेलवे क्षेत्र में घुसा और पुल के नीचे पहुंच गया। यहां युवकों ने खाड़ी के पानी के ऊपर लटककर खतरनाक स्टंट किए। कुछ युवक पुल के ढांचे पर ग्रैफिटी बनाते भी दिखाई दिए। पूरे कारनामे का वीडियो बनाया गया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया गया। वीडियो वायरल होते ही आरपीएफ हरकत में आई।
स्कूटर के पंजीकरण नंबर के जरिए आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान आरपीएफ ने एक इंस्टाग्राम खाते और पुराने वीडियो में दिखाई दिए स्कूटर के पंजीकरण नंबर के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई। पांच वयस्क आरोपियों की पहचान किशब दीपक लोहाना, कुलजीत सिंह, अमसल खान, तनिश सोनावणे और आदित्य सिंह के रूप में हुई है। छठा आरोपी १६ वर्षीय नाबालिग है, इसलिए उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई।
पांचों वयस्कों को वसई रोड स्थित रेलवे अदालत में पेश किया गया। अदालत ने प्रत्येक पर दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया और एक दिन की टीआरसी की सजा सुनाई। नाबालिग को उसके पिता की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है और उसे ४ सितंबर को भिवंडी के किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया है।
