-एमएसवी कॉलेज के छात्र व शिक्षक रह चुके हैं ९८ वर्षीय प्रयागदत्त पाठक
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर सुल्तानपुर शहर के विवेक नगर में शिक्षक सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मधुसूदन विद्यालय इण्टर कालेज में प्रवक्ता वाणिज्य रहे वयोवृद्ध शिक्षक प्रयाग दत्त पाठक के निज निवास पर किया गया। पाठक जी ने कक्षा तीन से दस तक मधुसूदन विद्यालय में शिक्षा ग्रहण की। उसके पश्चात् सन् १९५२ में इसी विद्यालय में सहायक अध्यापक बने । ९८ वर्षीय पाठक १९९१ में सेवानिवृत्त हुए। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक केशव प्रसाद सिंह ने कहा कि पाठक जी ने माध्यमिक शिक्षा विभाग की ३९ वर्ष तक जो सेवा की है उनकी इस सेवारूपी अमूल्य निधि को हमें संजो कर रखना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विनोद प्रकाश पाठक पूर्व प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज पिथौरागढ़, उत्तरांचल ने कहा कि आज जो कुछ मैं हूं, अपने पिता जी के द्वारा हूं। पिता के साथ ही साथ वे हमारे गुरु भी रहे। कार्यक्रम का संचालन वेद प्रकाश पाठक प्रधानाचार्य श्री कोचेश्वर नाथ जूनियर हाई स्कूल, कोची, दादूपुर ने किया। इस अवसर पर अंकित सिंह, आचार्य बलिराजी पाठक सरस्वती विद्या मन्दिर शिवनाथगंज कुड़वार, श्वेता पाठक एडवोकेट, समाजसेवी मनीष कुमार मिश्र की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
