मुख्यपृष्ठनए समाचारतस्मै श्री गुरुवे नमः शिक्षक दिवस: बीस चुनिंदा बेसिक शिक्षकों को मिला...

तस्मै श्री गुरुवे नमः शिक्षक दिवस: बीस चुनिंदा बेसिक शिक्षकों को मिला ‘सरकारी’ सम्मान

 सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती शिक्षक दिवस के रूप में मनाने की परंपरा सुल्तानपुर में भी बखूबी निभाई गई। सरकार के नुमाइंदों व सरकारी अफसरों की मौजूदगी में बेसिक शिक्षा विभाग ने अपने सरकारी स्कूलों के बीस चुनिंदा शिक्षकों को सम्मानित किया। कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सदर विधायक राज बाबू उपाध्याय, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह व बीजेपी जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी की मौजूदगी में संपन्न हुआ। समर्पण, नवाचार, एवं शिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिये बेसिक शिक्षा विभाग के बीस शिक्षक सम्मान के लिये चयनित किये गए थे। जिन्हें जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की ओर से सम्मानित करते हुए उज्वल भविष्य की शुभकामनाए दी गईं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में जनपद सुल्तानपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय साढापुर में कार्यरत शिक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह को उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया, जिसका सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए सदर विधायक राजबाबू उपाध्याय ने बच्चों में अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों को तकनीक के उपयोग का महत्व गिनाया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने शिक्षित प्रदेश से समर्थ प्रदेश और आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत बनाने में शिक्षकों की भूमिका बताई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ ही उनके अंदर संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी शिक्षकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर काम करने वाले शिक्षकों का सम्मान दूसरे शिक्षकों को भी प्रेरणा देता है और विद्यालयों में शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने में मदद करता है। बीएसए ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी धीरेंद्र यादव, एडीआईओएस जटा शंकर यादव, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष संतोष सिंह, दिलीप पांडे, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला अध्यक्ष अशोक सिंह, शिक्षामित्र संघ के बृजेश पांडेय, दिनेश चंद्रा और सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे।

इन बीस शिक्षकों का हुआ सम्मान
सुल्तानपुर नगर क्षेत्र के लालजी राव, धनपतगंज ब्लॉक के जितेंद्र मौर्य, भदैया ब्लॉक के हरीशचंद्र विश्वकर्मा, वंदना यादव, दुबेपुर ब्लॉक से संदीप सिंह, स्पेशल एजुकेटर जयप्रकाश, अभयराज वर्मा, अंजना तिवारी, कस्तूरबा की मनोज सिंह, पूनम, राम प्रकाश मिश्रा,कायाकल्प कार्य के लिए सुमन पांडे, अखिलेश कुमार वर्मा, स्काउट गाइड में आभा गुप्ता, राम निरंजन, सर्वाधिक नामांकन में शिव सहाय पाण्डेय, बृजकिशोर तिवारी, राजकुमार, मनीषा व बीना सिंह को सम्मानित किया गया।

अन्य समाचार