टीवी की चमकती दुनिया के पीछे छिपे कड़वे सच ने एक बार फिर सुर्खियां बटोर ली हैं। ‘गुम है किसी के प्यार में’ फेम ऐश्वर्या शर्मा ने कास्टिंग काउच को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। अभिनेत्री ने बताया कि करियर की शुरुआत में ही उन्हें एक निर्माता के बुरे बर्ताव का सामना करना पड़ा था। ऐश्वर्या ने कहा, ‘एक प्रोड्यूसर ने मुझे बुलाया था। वो काफी वीयर्ड एक्सपीरियंस था। उसने मुझे किस करने की कोशिश की थी।’ उन्होंने बताया कि इनकार करने पर निर्माता ने कहा, ‘तुम्हें तो इंडस्ट्री में काम नहीं मिलेगा। तुम नहीं जानती कि लड़कियों को यहां पर वैâसे काम मिलता है।’ लेकिन ऐश्वर्या ने डरने के बजाय उसे मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘मैंने उसे सीधे मुंह पर कहा कि भाड़ में जाओ। मुझे नहीं करना ऐसे काम।’ इतना कहकर वह वहां से भाग निकलीं। अभिनेत्री के इस खुलासे ने टीवी इंडस्ट्री की चमक के पीछे छिपे स्याह सच पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
