-डिप्टी सीएम केशव मौर्य का आवास घेरा; जमकर की नारेबाजी
लखनऊ। ६८,५०० सहायक शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों के अभ्यर्थियों ने शनिवार को लखनऊ में प्रदर्शन किया। उन्होंने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आवास का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। ये अभ्यर्थी अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं। डिप्टी सीएम के आवास के बाहर उन्होंने लगभग आधे घंटे तक नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी सुबह ८ बजे के करीब बड़ी संख्या में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आवास पर पहुंचे। उन्होंने आरक्षण की विसंगतियों का समाधान कराने और भर्ती से जुड़े मामले में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का अनुपालन कराने की मांग उठाई। अभ्यर्थियों ने अपनी नियुक्ति के मसले पर डिप्टी सीएम से बात कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि भर्ती में आरक्षण से जुड़ी विसंगतियों के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने डिप्टी सीएम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात कराकर मामले का समाधान कराने की मांग की।
सतर्क हुई पुलिस
६८,५०० अभ्यर्थियों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही राजधानी पुलिस सतर्क हो गई। डिप्टी सीएम के आवास के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात कर दिया गया। पुलिस ने नारेबाजी कर रहे अभ्यर्थियों को रोकने का प्रयास किया तो उनके बीच धक्का-मुक्की हो गई। पुलिसकर्मियों ने अभ्यर्थियों को समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन अभ्यर्थी अपनी मांग पर अड़े रहे और नारेबाजी करते रहे।
बार-बार मिला आश्वासन, नहीं निकला समाधान
अभ्यर्थियों का कहना है कि इस भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मामले लंबे समय से पेंडिंग हैं। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद नियुक्ति के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। बार-बार उन्हें आश्वासन मिले लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया।
