– आतंकी आरोपी की बेटी पर दस्तावेजों में हेरफेर का शक
-दो पते, दो पासपोर्ट और विदेश यात्रा ने बढ़ाई सुरक्षा एजेंसियों की चिंता
सामना संवाददाता / मुंबई
फर्जी दस्तावेजों के जरिए पासपोर्ट हासिल करने के मामले ने अब कथित आतंकी नेटवर्क तक जांच की दिशा मोड़ दी है। ठाणे पुलिस ने प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से कथित संबंध रखने वाले एक फरार आरोपी की २१ वर्षीय बेटी से पासपोर्ट के लिए फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के आरोपों को लेकर पूछताछ की है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे नोटिस देकर छोड़ दिया। मामले की जांच महाराष्ट्र एटीएस भी कर रही है।
महिला ने कथित तौर पर लखनऊ के पते का इस्तेमाल कर पहला पासपोर्ट हासिल किया था। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इसी पासपोर्ट के जरिए उसने सऊदी अरब समेत अन्य देशों की यात्रा की हो सकती है। इसके बाद उसने ठाणे के मुंब्रा स्थित रिश्तेदार के फ्लैट के पते पर दूसरा पासपोर्ट हासिल करने का प्रयास किया। जांच में यह भी सामने आया है कि दूसरे आवेदन में कथित तौर पर पहले से पासपोर्ट होने की जानकारी नहीं दी गई।
एक व्यक्ति, दो पते और पासपोर्ट का खेल!
अब ठाणे पुलिस लखनऊ पुलिस से संपर्क कर पहले पासपोर्ट के लिए जमा किए गए दस्तावेजों और सत्यापन प्रक्रिया की जांच कर रही है। साथ ही मुंब्रा के पते के इस्तेमाल और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका भी खंगाली जा रही है। महिला के पिता पर पुलिस के अनुसार, इंडियन मुजाहिदीन और सिमी से कथित संबंध, आतंकी भर्ती तथा कट्टरपंथीकरण जैसे गंभीर आरोप हैं और वे लंबे समय से फरार बताए जाते हैं।
