– बीकेसी, चेंबूर और मागाठाणे समेत कई इलाकों में मूसलाधार बारिश
– मुंबई-ठाणे के लिए ऑरेंज अलर्र्ट; लोकल व्यवस्था पर बढ़ा दबाव
सामना संवाददाता / मुंबई
गणेश चतुर्थी से ठीक पहले मुंबई में मानसून ने जोरदार वापसी की है। रविवार सुबह महज नौ घंटे में शहर के कई हिस्सों में १०० मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। बीएमसी के आंकड़ों के अनुसार, रात १ बजे से सुबह १० बजे के बीच बीकेसी, चेंबूर, मागाठाणे और आसपास के इलाकों में भारी बारिश हुई।
बारिश का असर केवल सड़कों तक सीमित नहीं है। गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच मंडपों, बाजारों, सजावट, परिवहन और लोकल ट्रेन व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ गया है। निचले इलाकों में जलभराव और यातायात बाधित होने की आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग ने मुंबई और ठाणे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले दौर में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
