-कासारवडवली पुल जांच के लिए बंद, घोड़बंदर रोड पर भीषण जाम
-सुरक्षा-कठघरे के पास संभावित त्रुटि की शिकायत; एमएमआरडीए की तकनीकी जांच के बाद ही खुलेगा रास्ता
सामना संवाददाता / ठाणे
घोड़बंदर रोड पर करीब सालभर पहले शुरू हुए कासारवडवली फ्लाईओवर को संभावित तकनीकी खामी की शिकायत के बाद रविवार तड़के जांच के लिए बंद कर दिया गया। एमएमआरडीए की टीम ने सुरक्षा-कठघरे के पास कथित त्रुटि की जांच शुरू की है। एहतियात के तौर पर सुबह करीब दो बजे से पुल पर यातायात रोक दिया गया।
पुल बंद होते ही इसका असर पूरे घोड़बंदर रोड पर दिखाई दिया। कासारवडवली से ब्रह्मांड तक वाहनों की लंबी कतारें लग गर्इं और हजारों यात्रियों को भारी जाम का सामना करना पड़ा। मामला इसलिए गंभीर है, क्योंकि यह फ्लाईओवर अपेक्षाकृत नया है और इसे घोड़बंदर रोड की पुरानी ट्रैफिक समस्या कम करने के लिए बनाया गया था। अब उसी पुल की संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर शिकायत सामने आने से निर्माण की गुणवत्ता और निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि पुल में तकनीकी दोष साबित हो चुका है। एमएमआरडीए ने जांच शुरू की है और अंतिम तकनीकी रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि शिकायत कितनी गंभीर है और पुल को कब दोबारा यातायात के लिए खोला जा सकता है। सवाल सीधा है, जिस नए फ्लाईओवर से जाम खत्म होना था, वही सालभर में जांच के लिए बंद क्यों करना पड़ा?
