-खून के लिए मरीजों के परिजनों की अग्निपरीक्षा
-मुंबई में रोजाना १,१०० यूनिट खून की जरूरत
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई जैसे महानगर में अगर किसी मरीज को खून की जरूरत पड़ जाए तो उसके परिजनों को इलाज से ज्यादा खून जुटाने की जद्दोजहद करनी पड़ रही है। मनपा अस्पतालों के ब्लड बैंकों में पर्याप्त रक्त उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों के रिश्तेदारों को ५० किलोमीटर तक दौड़ लगानी पड़ रही है। कहीं ठाणे के ब्लड बैंक से खून मंगवाया जा रहा है तो कहीं दूसरे इलाकों तक परिजनों को भटकना पड़ रहा है।
राज्य रक्त आधान परिषद के आंकड़ों के अनुसार मुंबई को प्रतिदिन लगभग १,१०० यूनिट खून की आवश्यकता होती है। इसके बावजूद मनपा अस्पतालों में कई बार उपलब्ध स्टॉक महज २० से ५० यूनिट तक रह जाता है, जबकि इन अस्पतालों की रोजाना जरूरत १०० से २०० यूनिट बताई गई है। हालत ये है कि मरीज के परिजनों को निजी ब्लड बैंक से खून हासिल करने के लिए खुद रक्तदान करना पड़ रहा है। सबसे गंभीर बात यह है कि राष्ट्रीय रक्त नीति के अनुसार जिस संस्थान में मरीज को रक्त चढ़ाने की सलाह दी जाती है, उसी संस्थान को लाइसेंस प्राप्त ब्लड सेंटर के माध्यम से रक्त उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। लेकिन व्यवहार में परिजन ही एक ब्लड बैंक से दूसरे ब्लड बैंक तक दौड़ते नजर आ रहे हैं।
रक्त की आपूर्ति के साथ उसकी सुरक्षित ढुलाई भी जरूरी है। रक्त को निर्धारित २ से ६ डिग्री सेल्सियस तापमान में रखना होता है। रिपोर्ट में ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां परिजन भीड़भाड़ वाली लोकल ट्रेनों में बर्फ वाले बैग लेकर सफर कर रहे थे।
