-शिवसैनिकों का कड़ा प्रहार, पहाड़ पर चढ़ाई कर की तोड़फोड़; बोरवेल उखाड़ फेंका
सामना संवाददाता / अमरावती
कर्जत-भीमाशंकर की तरह ही प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर मेलघाट क्षेत्र को भी उजाड़ने की साजिश अडानी समूह ने रची है। अडानी समूह की वहां प्रस्तावित जलविद्युत परियोजना के लिए बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई की जा रही है। इसकी जानकारी मिलते ही शिवसैनिक आज हजारों फीट की ऊंचाई पर स्थित इस परियोजना स्थल में घुस गए। आक्रामक हुए शिवसैनिकों ने इस परियोजना के लिए इस्तेमाल किए जा रहे बोरवेल को ही तोड़ दिया।
शिवसैनिक पहाड़ पर चढ़ाई करते हुए परियोजना स्थल पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर जब यह सामने आया कि सैकड़ों पेड़ों की कटाई हो चुकी है, तो जिलाप्रमुख पराग गुडघे ने गुस्सा जाहिर करते हुए चेतावनी दी कि आगे से जिस कुल्हाड़ी से पेड़ काटोगे, उसी कुल्हाड़ी से इस परियोजना से जुड़े अधिकारियों के हाथ काट डालेंगे।
अमरावती जिले की चिखलदरा तहसील में अडनदी के पास मेलघाट क्षेत्र में स्थित यह परियोजना १५०० मेगावाट क्षमता की पंप स्टोरेज जलविद्युत परियोजना है। इसे अडानी हाइड्रो एनर्जी टेन लिमिटेड कंपनी के माध्यम से ८,२५० करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाना है। अचलपुर तहसील की सपन नदी परियोजना के पानी का उपयोग अडानी की इस जलविद्युत परियोजना के लिए किया जाएगा।
२५० हेक्टेयर वन क्षेत्र खतरे में
इस परियोजना के लिए शुरुआत में जलाशय भरने हेतु १७.५१ मिलियन क्यूबिक मीटर और वार्षिक पानी की कमी को पूरा करने के लिए १.४० मिलियन क्यूबिक मीटर पानी की आवश्यकता होगी। पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने आशंका जताई है कि इस परियोजना के कारण लगभग २४० से २५० हेक्टेयर वन क्षेत्र, बड़ी संख्या में पेड़ों और जैव विविधता को खतरा पैदा हो सकता है। वन विभाग की ओर से यह स्पष्ट किए जाने के बावजूद कि पेड़ों की कटाई के लिए अभी तक कोई अनुमति नहीं दी गई है, परियोजना स्थल पर पेड़ों की कटाई जारी है।
