मुख्यपृष्ठसंपादकीयसंपादकीय : भारतीय अर्थव्यवस्था और अन्य...गांधी बनाम ट्रंप

संपादकीय : भारतीय अर्थव्यवस्था और अन्य…गांधी बनाम ट्रंप

भारत की बढ़ी हुई विकास दर प्रेसिडेंट ट्रंप को आखिर कहां दिखाई दी यह तो पता नहीं, लेकिन ट्रंप ने भारत की विकास दर की तारीफ की है और अमेरिकी केंद्रीय बैंक (फेडरल रिजर्व) को फटकारा है। प्रेसिडेंट ट्रंप को भारत की यह क्रांतिकारी विकास दर वाकई कहां दिखाई दी, यह अर्थशास्त्रियों के लिए शोध का विषय है। भारतीय अर्थव्यवस्था संकट में है और वह कभी भी चरमरा सकती है, ऐसी चेतावनी नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिकी जमीन से दी है। उस बयान की धूल अभी बैठी भी नहीं थी कि खुद प्रेसिडेंट ट्रंप ने भारतीय अर्थव्यवस्था की तारीफ कर दी। राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देने के लिए मोदी ने प्रेसिडेंट ट्रंप को प्रवक्ता पद पर नियुक्त कर दिया हो, ऐसा ही लगता है। भारतीय अर्थव्यवस्था की वाहवाही चल रही है, उसी दौरान अमेरिकी जमीन पर प्रेसिडेंट ट्रंप ने भारतीयों के जो `हाल’ किए हैं, उस पर हमारा विदेश मंत्रालय और प्रधानमंत्री मोदी खामोश ही हैं। पिछले १८ महीनों में अमेरिका में छह हजार भारतीयों को गिरफ्तार किया गया है। अमेरिका में बसे भारतीयों को डोनाल्ड ट्रंप की `इमिग्रेशन’ कार्रवाई का यह झटका लगा है। अब तक अमेरिका में एक साथ इतने भारतीयों की कभी गिरफ्तारी नहीं हुई थी। २०२५ से २०२६ के दौरान यूएस इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट ने ६,१११ भारतीयों को बेड़ियां पहना दीं। उनमें से ५,२३५ लोगों को डिपोर्टेशन सेंटर में रखा गया। २४०० लोगों को देश से निकाल दिया गया। उनके हाथ-पैरों में बेड़ियां जकड़कर भारत में उतारा गया। कम से कम भारतीय जमीन पर उतरते ही तो वे बेड़ियां खोल देनी चाहिए थीं, क्योंकि यहां भारत का कानून चलता है। प्रेसिडेंट ट्रंप के प्रशासन ने भारतीय जमीन पर भी मनमानी की। इन सब लोगों का कसूर क्या था, तो बस इतना कि उनके पास अमेरिका में रहने से जुड़े आधिकारिक कागजात नहीं थे। प्रेसिडेंट ट्रंप की नीतियों के हिसाब से वे घुसपैठिए थे। अमेरिकन
कम्युनिटी मीडिया
और स्टॉप एएपीआई हेट की रिपोर्ट के मुताबिक, इस गिरफ्तारी में ज्यादातर लोग बेकसूर थे। उन पर कोई इल्जाम या फौजदारी कार्रवाई लंबित नहीं थी। भारतीयों की यह बेइज्जती चल रही थी, तब प्रेसिडेंट ट्रंप ने उस तरफ जानबूझकर अनदेखी की। चीनी, रूसी, फ्रांसीसी, यूरोपीय लोग भी इसी तरह अमेरिकी जमीन पर रह रहे हैं, मगर उन्हें इस तरह बेड़ियों में जकड़कर उनके मुल्क वापस भेजने की हिम्मत प्रेसिडेंट ट्रंप ने नहीं दिखाई। ट्रंप की कार्रवाई से अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों में दहशत फैल गई। उन्हें अपमान झेलना पड़ा और भारत के विदेश मंत्रालय ने भारतीयों को लेकर जरा भी हमदर्दी नहीं दिखाई। कैलिफोर्निया में यह कार्रवाई ज्यादा सख्त और गैर-इंसानी तरीके से हुई। फ्रेस्नो, बेकर्सफील्ड, स्टॉकटन और सैन बर्नार्डिनो के इलाकों में हजार के करीब भारतीयों की धरपकड़ की गई। घरों में घुसकर भारतीयों को बेड़ियां डाली गर्इं। इनमें कई लोग कानूनी नागरिक थे। कैलिफोर्निया के लॉन्ग बीच स्थित नटराज कुजिन ऑफ इंडिया एंड नेपाल रेस्तरां की पूर्व सह-मालिक, ६० वर्षीय भारतीय मूल की बलजीत `बबली’ कौर का मामला गंभीर है। उन्हें ग्रीन कार्ड अर्जी से जुड़े बायोमेट्रिक्स परीक्षण के लिए बुलाया गया था। वे १९९४ से अमेरिका में रह रही हैं। उनके पास ग्रीन कार्ड है। वे अमेरिका की आधिकारिक नागरिक हैं। फिर भी उन्हें हिरासत में लिया गया, बेड़ियां डाली गर्इं और जेल भेज दिया गया। यह क्यों किया गया? उनके घरवाले कहते हैं, `हम भारतीय हैं, इसलिए ही निशाना बनाया गया।’ प्रेसिडेंट ट्रंप प्रशासन भारतीयों से नफरत करता है। ट्रंप को लगता है कि भारतीय मूल के लोग उन्हें वोट नहीं देते। इसलिए उन्हें यहां से बाहर निकाल देना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी
मुसलमान मतदाताओं के मामले में
भारत में जो करते हैं, वही प्रेसिडेंट ट्रंप भारतीयों के मामले में अमेरिका में कर रहे हैं। भारत में भी `घुसपैठ’ के मुद्दे की सियासत चुनाव के ऐन वक्त पर की जाती है और उसकी आड़ में मुसलमानों को मतदान से दूर रखने की चाल खेली जाती है। ट्रंप अमेरिका में वही बिसात बिछाकर भारतीयों को सता रहे हैं। जो भारतीय अमेरिका में कानूनी तरीके से रह रहे हैं, उन्हें भी घुसपैठिया ठहराकर जेलों में ठूंसना ठीक नहीं है और मोदी को अपने दोस्त ट्रंप के कान उमेठने चाहिए। अमेरिका में कानून है, लेकिन कानून का राज नहीं है। डर पैदा करके सियासत की जाती है। भारतीय सैलानी, छात्र, मजदूर, कारोबारी अमेरिकी अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान देते हैं। उपराष्ट्रपति रह चुकीं कमला हैरिस भारतीय मूल की हैं। मौजूदा उपराष्ट्रपति जे. डी. वैंस की पत्नी उषा भी भारतीय हैं और प्रेसिडेंट ट्रंप को चुनौती देते हुए मिशिगन से चुने गए अब्दुल्ला का भी भारत से रिश्ता है। एफबीआई की अगुआई भी एक भारतीय ही कर रहा है। प्रेसिडेंट ट्रंप के आस-पास भारतीय हैं और वे बेहतरीन काम कर रहे हैं। फिर भी अमेरिका में रहने वाले आम भारतीयों को लेकर ट्रंप में इतनी नफरत क्यों है? ट्रंप एक तरफ भारत की विकास दर की तारीफ करते हैं, उसी वक्त अमेरिका में भारतीयों को हजारों की तादाद में गिरफ्तार करते हैं। प्रेसिडेंट ट्रंप की ओर से भारतीय अर्थव्यवस्था की की गई तारीफ से मोदी वगैरह लोगों को गुदगुदी हो रही हो, तो फिर अमेरिका में भारतीयों पर चल रहे जुल्म को लेकर भी चिढ़, गुस्सा आना चाहिए। चरमराती भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर मोदी के साथ मैं खुली बहस करने को तैयार हूं, ऐसी चुनौती राहुल गांधी ने दी। मोदी ने राहुल गांधी को जवाब देने के लिए प्रेसिडेंट ट्रंप को उतार दिया, इस बात से अंधभक्तों में खुशी की लहर ही दौड़ गई होगी।

अन्य समाचार