सामना संवाददाता / मुंबई
श्री नागरदास धारसी भुता चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री नागरदास डी. भुता हाई स्कूल, अंधेरी-पूर्व में गणेशोत्सव का पर्व श्रद्धा, उत्साह औरa सांस्कृतिक उमंग के साथ धूमधाम से मनाया गया। पूर्व प्राथमिक से लेकर माध्यमिक कक्षाओं तक के विद्यार्थियों की उत्साहपूर्वक सहभागिता रही। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना, पुष्पांजलि एवं मोदक अर्पण के साथ हुआ। समारोह में विद्यालय के ट्रस्टी कमलेश भुता, देवांगी भुता, शुभेंदु भुता, तेजश्री भुता एवं डॉ. वृष्णी भुता, एजुकेशन डायरेक्टर, विभिन्न विभागों के प्रभारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षकेतर कर्मचारी तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे। समारोह में विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों में भगवान गणेश की महिमा के साथ सकारात्मकता, एकता, आपसी सौहार्द और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया गया। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया और पूरा विद्यालय परिसर ‘गणपति बाप्पा मोरया’ के जयघोष से गूंज उठा। विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सदैव प्राथमिकता दी जाती है। विद्यालय में इस प्रकार के सांस्कृतिक, शैक्षणिक, सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहा है, ताकि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन-मूल्यों को समझने का अवसर मिले।
