मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
यूपी के एक स्कूल में घुसकर महिला टीचर की हत्या कर दी गई। आरोपी ने पहले टीचर को तमंचे से 3 गोलियां मारीं, फिर खुद भी गोली मार के सुसाइड कर लिया। मामला लखीमपुर खीरी जिले की कलेक्ट्रेट के ठीक सामने स्थित चिल्ड्रेस एकेडमी स्कूल का है। वारदात के समय स्कूल में बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। टीचर की हत्या होते देखकर बच्चे भी डर गए और रोने लगे। स्कूल मैनेजमेंट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूरी बिल्डिंग को खाली कराया। प्रशासन ने पेरेंट्स को बुलाकार बच्चों को घर भेज दिया। फिलहाल स्कूल में पुलिस फोर्स तैनात है। किसी को अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का सोमवार सुबह 11:30 बजे का है।
हिदायत नगर इलाके में रहने वाली निशात फातिमा (26) दो भाइयों की इकलौती बहन थी। उनके दो भाई हैं, जिनमें एक का नाम अनस है। पिता इलियास मुंबई में काम करते हैं। कई साल पहले निशात फातिमा का परिवार सऊद अंसारी (28) के नौरंगाबाद स्थित घर में किराए पर रहता था। बाद में वो लोग अपने मकान में शिफ्ट हो गए थे। सऊद अंसारी पढ़ाई करता था। उसके पिता कय्यूम अंसारी जिला उद्योग कार्यालय में काम करते हैं। सऊद का बड़ा भाई दाऊद अंसारी सोफा-गद्दे की दुकान चलाता है। बताया जाता है कि किराए पर रहने के दौरान ही निशात और सऊद का अफेयर चलने लगा था।
सोमवार सुबह टीचर निशात फातिमा स्कूल की दूसरी मंजिल पर क्लास में बच्चों को पढ़ा रही थीं। तभी सऊद अंसारी वहां बैग में तमंचा रखकर जा पहुंचा। वह फातिमा का हाथ पकड़कर घसीटते हुए बाहर बरामदे में ले आया। फिर उनसे बहस करने लगा।इसी बीच सऊद ने तमंचा निकाला और फातिमा पर ताबड़तोड़ फायर कर दिए। वह फर्श पर गिर गईं। फायरिंग की आवाज सुनकर चीख-पुकार मच गई। स्कूल के बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे। स्टाफ भागकर मौके पर पहुंचा। लेकिन, इसी बीच सऊद ने खुद को भी गोली मार ली। मौके पर ही उसकी भी मौत हो गई।
बता दें कि शाहपुरा कोठी इलाके में 2 मंजिला बिल्डिंग में चिल्ड्रेस एकेडमी नाम से प्राइवेट स्कूल है। इसमें नर्सरी से लेकर 8वीं कक्षा तक के बच्चे पढ़ते हैं। एसपी ख्याति गर्ग ने बताया- हिदायत नगर में रहने वाली निशात फातिमा पिछले एक साल से इस स्कूल में पढ़ा रही थीं। सऊद अंसारी सीढ़ियों के रास्ते से सीधे ऊपर कॉरिडोर गया। वहां निशात फातिमा की हत्या कर दी। फिर खुद भी सुसाइड कर लिया। इसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
