राजेश सरकार / प्रयागराज
नैनी कोतवाली क्षेत्र के त्रिवेणी नगर (हरिजन बस्ती) में उस समय हड़कंप मच गया, जब इलाके के कुछ नामी दबंगों ने एक मटन शॉप पर सरेआम खूनी खेल खेला। पुरानी रंजिश और वर्चस्व की खुन्नस में आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने दुकान में घुसकर दुकानदार और उसके भाइयों पर चाकू, चापड़ और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में पीड़ित पक्ष के लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
* दुकान में घुसकर किया लहूलुहान, दी जान से मारने की धमकी
मिली जानकारी के मुताबिक त्रिवेणी नगर निवासी राजू वंशकार ‘चाँद मटन शॉप’ पर काम करते हैं। मंगलवार को जब राजू और उनका भाई दुकान पर मौजूद थे, तभी सामने रहने वाले श्याम बाबू (पुत्र लाला), सोनू (पुत्र पप्पू), भानू और रंगढ अपने ४-५ अज्ञात साथियों के साथ हाथों में धारदार हथियार और लाठियां लेकर वहां आ धमके।
चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों ने एक राय होकर अचानक दुकान पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने राजू के भाई को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने आए रोहित और राहुल पर आरोपी श्याम बाबू और सोनू ने ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए। हमले में पीड़ितों के पेट, जांघ और पीठ पर चाकू के गहरे जख्म आए हैं, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
दुकान में की तोड़फोड़, बीच-बचाव करने वालों को दी गोली मारने की धमकी
दबंगों का हौसला इतना बुलंद था कि उन्होंने पूरी दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और सारा सामान तहस-नहस कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब आस-पास के स्थानीय लोग बीच-बचाव करने के लिए दौड़े, तो हमलावरों ने उन पर भी हथियार तान दिए। आरोपियों ने मोहल्ले वालों को धमकाते हुए कहा, “साले भाग जाओ यहाँ से, नहीं तो गोली मार देंगे।” दहशत फैलाने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिसिया को पीड़ित ने सौंपी तहरीर, मोबाइल वीडियो बना मुख्य सबूत
इस खौफनाक वारदात का एक वीडियो भी मोबाइल में कैद हो गया है, जिसे पीड़ित पक्ष ने पुलिस को सौंप दिया है। मुख्य पीड़ित राजू ने नैनी कोतवाली में थानाध्यक्ष और कमिश्नर को संबोधित लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है।
पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया है और मोबाइल फुटेज के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
