-सपा सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री रहे राजपाल कश्यप का ओपी राजभर व संजय निषाद पर तीखा हमला
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
यूपी की पूर्ववर्ती अखिलेश सरकार में मंत्री रह चुके सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजपाल कश्यप ने भाजपाई पिछड़ा वर्ग नेताओं और मंत्रियों पर तीखा कटाक्ष करते हुए तीखा हमला किया है। सुल्तानपुर जिले में संगठन की मज़बूती परखने पहुंचे कश्यप ने कहा कि भाजपा संगठन व यूपी सरकार में मंत्री के पदों पर आसीन पिछड़े वर्ग के नेता सिर्फ ‘शो पीस’ हैं। ये पूरी तरह बेअसर हैं। ये लोग संपूर्ण समाज की बात दूर अपने ही वर्ग और समाज को न्याय नहीं दिला पा रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद व ओपी राजभर को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि संजय निषाद अपने समाज से जुड़े मामलों में भी असरदार तरीके से बात नहीं रख पाते। एक निषाद युवक की हत्या हो गई और वे उसमें एफआईआर तक दर्ज नहीं करा सके। सपा नेता कश्यप ने आरोप लगाया कि सत्ता में शामिल होने के बाद पिछड़े वर्ग के मुद्दों को लेकर ओपी राजभर की आवाज अब पहले जैसी नहीं रही। वहीं ये भी दावा किया कि पीडीए में शामिल पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के अधिकारों की लड़ाई समाजवादी पार्टी लगातार लड़ती रही है। सुल्तानपुर सांसद रामभुआल निषाद की गैरमौजूदगी पर उन्होंने कहा कि वे समय पर साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि जैसे सुल्तानपुर की जनता ने लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव पर भरोसा जताया था, वैसे ही २०२७ में भी पूरा भरोसा है। उम्मीद है कि विधानसभा चुनाव में सुल्तानपुर की सभी सभी पांच सीटें समाजवादी पार्टी के खाते में जाएंगी।
