-महाराष्ट्र में भारी-भरकम संगठनात्मक टीम उतारी, साफ होंगे सहयोगी दल
-शिवप्रकाश, अजय जामवाल और सतीश धोंड को बड़ी जिम्मेदारी
रामदिनेश यादव / मुंबई
महाराष्ट्र की राजनीति में आगामी चुनावों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा दांव चला है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन में फेरबदल करते हुए महाराष्ट्र पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। भाजपा ने महाराष्ट्र की जिम्मेदारी अनुभवी संगठन नेताओं के हाथों में सौंपकर साफ कर दिया है कि राज्य में अब भाजपा अपने सहयोगियों के सहारे नहीं रहेगी। ऐसे में आगामी दिनों में राज्य की राजनीतिक गणित बदलने वाली है।
भाजपा की नई व्यवस्था में शिवप्रकाश, अजय जामवाल और सतीश धोंड को संगठन की प्रमुख जिम्मेदारी दी गई है। ऐसे में साफ है कि राज्य में भाजपा को अपना सूपड़ा साफ होते दिख रहा था, इसलिए अब इन वरिष्ठ लोगों को लाकर अपने बिखरते संगठन को मजबूत करने का प्रयास करेगी। महाराष्ट्र में भाजपा की नई टीम ने महायुति की राजनीति में एक नया बवाल जरूर खड़ा कर दिया है। यदि भाजपा मुंबई और नागपुर से संगठन को मजबूत करती है, तो इसका असर उसके सहयोगी दलों पर भी पड़ सकता है।
शिंदे गुट और अजित पवार गुट के सामने अब अपनी-अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की चुनौती होगी। भाजपा ने जिस तरह महाराष्ट्र के लिए अनुभवी नेताओं की पूरी टीम मैदान में उतारी है, उससे यह संकेत जरूर मिलता है कि आने वाले चुनावों में पार्टी अपने सहयोगी दलों को ही बिहार, पश्चिम बंगाल आदि राज्यों की तरह निगलने की तैयारी में है। भाजपा की इस आक्रामक संगठनात्मक तैयारी का असर महायुति के भीतर भारी डर का माहौल दिखाई देने की चर्चा शुरू हो गई है। महाराष्ट्र में भाजपा के साथ एकनाथ शिंदे गुट और अजीत पवार गुट सत्ता में साझेदार हैं। अब दोनों पर अपनी मूल पार्टी से गद्दारी को लेकर कोर्ट की तलवार लटक रही है। ऐसे में इन सहयोगी दलों को निगलने की तैयारी ही भाजपा कर रही है, ऐसा भी आरोप लग रहा है।
शिवप्रकाश को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) बनाकर महाराष्ट्र सहित आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा की जिम्मेदारी दी गई है। उनका केंद्र मुंबई रखा गया है। वहीं अजय जामवाल को महाराष्ट्र का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है और सतीश धोंड को प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) के साथ महाराष्ट्र समेत चार राज्यों में जनजातीय संपर्क की जिम्मेदारी सौंपी गई है। धोंड का केंद्र नागपुर रखा गया है।
