-कर्ज पर कर्ज ले रही फडणवीस सरकार
-कांग्रेस नेता लोंढे का गंभीर आरोप; बोले, सीएम की नीतियों का खामियाजा भुगत रही जनता
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र राज्य की अर्थव्यवस्था पूरी तरह रसातल में जा रही है, फिर भी सरकार बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर रही है। आज राज्य का सरकारी खजाना खाली है। हालत ऐसी है कि हर छोटे काम के लिए सरकार को कर्ज लेने की नौबत आ रही है। बिना कर्ज के कोई काम ही नहीं हो रहा है। यह सरकार कर्ज पर कर्ज ले रही है और राज्य को महायुति सरकार आर्थिक गड्ढे में धकेल रही है। ऐसा गंभीर आरोप कांग्रेस नेता अतुल लोंढे ने राज्य सरकार पर लगाया है।
आंकड़ों का हवाला देते हुए लोंढे ने कहा कि राज्य का बजट २ लाख करोड़ रुपए के घाटे में है। राज्य पर ११ लाख करोड़ रुपए का कर्ज पहुंच गया है। इस पर सालाना ७० हजार करोड़ रुपए सिर्फ कर्ज के ब्याज के रूप में भुगतान करना पड़ रहा है। हाल ही में सरकार ने विधानसभा में ९७,००० करोड़ रुपए की पूरक मांगें रखी थीं। जब भी विधानमंडल का सत्र होता है, पूरक मांगें पेश हो जाती हैं। फिर बजट पेश करने का क्या मतलब है? ऐसा सवाल भी लोंढे ने उठाया।
