मुख्यपृष्ठनए समाचारआदित्य ठाकरे की मांग...मीनाक्षी और राजेंद्र शिंदे पर हत्या का मामला दर्ज...

आदित्य ठाकरे की मांग…मीनाक्षी और राजेंद्र शिंदे पर हत्या का मामला दर्ज करो!..मकोका लगाओ!!

सामना संवाददाता/ ठाणे

शिवसेना विभागप्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की हत्या को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। इस हत्याकांड के मुख्य संदिग्ध और साजिश के सूत्रधार पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे और उनके पति राजेंद्र शिंदे के खिलाफ हत्या और महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए, ऐसी जोरदार मांग शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे और शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत ने की।
प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के मामले में संदिग्ध आरोपी मीनाक्षी शिंदे और राजेंद्र शिंदे के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदीप पूर्णेकर के बेटे राम पूर्णेकर और भाई जयनाथ पूर्णेकर ने पुलिस थाने के बाहर धरना आंदोलन शुरू किया। आदित्य ठाकरे और संजय राऊत ने ठाणे के कपूरबावड़ी पुलिस थाने के बाहर आंदोलन कर रहे पूर्णेकर परिवार से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने प्रदीप पूर्णेकर के पार्थिव शरीर के भी दर्शन किए। इसके बाद आदित्य ठाकरे, संजय राऊत, राम पूर्णेकर, शिवसेना नेता राजन विचारे और जिलाध्यक्ष केदार दिघे करीब एक घंटे तक कपूरबावड़ी पुलिस थाने में मौजूद रहे। दोनो नेताओ ने ठाणे पुलिस आयुक्त से मुलाकात की। और उन्हें उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है, ऐसी जानकारी आदित्य ठाकरे और संजय राऊत ने पत्रकारों को दी। संजय राऊत ने कहा कि पूर्णेकर की हत्या के सूत्रधार पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे और उनके पति राजेंद्र शिंदे दोनों ही मिंधे गुट के बेहद करीबी हैं। ऐसे लोगों को पुलिस और सरकार संरक्षण देने वाली है क्या? राज्य के गृहमंत्री और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को हमारी चुनौती है कि आप राज्य में कानून-व्यवस्था की बातें करते हैं, लेकिन दो दिन वेश बदलकर ठाणे में घूमकर देखिए, तब आपको पता चलेगा कि ठाणे में कानून-व्यवस्था की स्थिति कितनी भयावह है। उन्होंने यह भी कहा कि एक महीने में ठाणे में पांच हत्याएं हुई हैं। इनमें एक पुलिस अधिकारी की भी हत्या हुई है। पूर्णेकर की हत्या को दबाने का प्रयास कल से ही शुरू हो गया है। एफआईआर में आरोपियों के नाम नहीं लिए जा रहे हैं। क्या ठाणे को अलग राज्य या अलग देश का दर्जा दिया गया है? क्या यहां का कानून अलग है? ऐसा तीखा सवाल सांसद संजय राऊत ने उठाया।

अन्य समाचार