मुख्यपृष्ठखेलगिललीडंडा!

गिललीडंडा!

सामना संवाददाता / गुवाहाटी

गुवाहाटी में शुभमन गिल ने कैरेबियाई गेंदबाजों के साथ ऐसा ‘गिल्ली-डंडा’ खेला कि ४०५ रन का विशाल स्कोर भी बौना पड़ गया। भारतीय कप्तान ने महज १३३ गेंदों पर नाबाद २२३ रन का पहाड़ खड़ा कर दिया। गिल ने केवल ६२ गेंदों में शतक और ११७ गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया। यह एकदिवसीय क्रिकेट का सबसे तेज दोहरा शतक भी बना। उन्होंने मैदान के चारों ओर आक्रामक प्रहार करते हुए वेस्टइंडीज के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा दीं।
यह गिल के एकदिवसीय करियर का दूसरा दोहरा शतक है। इसके साथ वह रोहित शर्मा के बाद एक से अधिक दोहरे शतक लगाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए। गिल की तूफानी पारी के सामने वैâरेबियाई गेंदबाजों की रणनीति, लाइन और लेंथ, सब धरी रह गई।
शुभमन और शर्मा के शतकों ने वेस्टइंडीज को चटाई धूल
गुवाहाटी। वेस्टइंडीज के ४०५ रनों के पहाड़ जैसे स्कोर को भारत ने शुभमन गिल और रोहित शर्मा की विस्फोटक पारियों के दम पर खिलौना बना दिया। भारत ने ४०६ रनों का लक्ष्य केवल ४३.३ ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया और आठ विकेट से ऐतिहासिक विजय दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने ५० ओवर में सात विकेट पर ४०५ रन बनाए। जॉन वैंâपबेल ने ६८ गेंदों पर १०१, कप्तान शाय होप ने ९४ गेंदों पर १०४ और आमिर जंगू ने ७७ गेंदों पर ११४ रन ठोके। एक ही पारी में तीन कैरेबियाई बल्लेबाजों के शतक से लगा कि भारत के सामने असंभव चुनौती खड़ी हो गई है। भारत की ओर से कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा और गुरनूर बराड़ ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने शुरुआत से ही कैरेबियाई गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए २५५ रन जोड़कर जीत की मजबूत बुनियाद रखी। रोहित ने ७५ गेंदों पर १०१ रन की शानदार पारी खेलते हुए अपने एकदिवसीय करियर का ३५वां शतक पूरा किया। इसी दौरान उन्होंने एकदिवसीय क्रिकेट में १२ हजार रन का आंकड़ा भी पार किया। रोहित के आउट होने के बाद भी गिल का बल्ला नहीं रुका। उन्होंने १३३ गेंदों पर नाबाद २२३ रन बनाकर भारत को मंजिल तक पहुंचाया। भारत ने ३९ गेंदें शेष रहते ४०६ रन बना दिए। इस रिकॉर्डतोड़ जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की शृंखला में २-० की अजेय बढ़त बना ली।

अन्य समाचार