मुख्यपृष्ठस्तंभहाऊऊऊ! :नर्सिंग घोटाले ने गधे को भी बनाया स्वास्थ्यकर्मी!

हाऊऊऊ! :नर्सिंग घोटाले ने गधे को भी बनाया स्वास्थ्यकर्मी!

-एम एम एस

मध्य प्रदेश में प्रतिभा की पहचान इंसानों तक सीमित नहीं रही। राज्य नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल के पोर्टल पर गधे की तस्वीर, नाम ‘श्री डंकी’, पिता का नाम ‘श्री डंकी’ और जाति के कॉलम में ‘जानवर’ लिखने के बावजूद अस्थायी नर्सिंग पंजीकरण प्रमाणपत्र जारी हो गया। वह भी कथित तौर पर पांच मिनट में! लाखों विद्यार्थी वर्षों पढ़ाई करते हैं, परीक्षा देते हैं, प्रशिक्षण लेते हैं और दस्तावेज सत्यापन की कतार में खड़े रहते हैं। लेकिन श्री डंकी ने व्यवस्था की प्रतिभा पहचान ली, योग्यता से ज्यादा तेज पोर्टल होना चाहिए। प्रमाणपत्र देखकर गधा भी सोच रहा होगा, मैंने न पाठ्यक्रम पढ़ा, न प्रैक्टिकल किया, न मरीज देखा; फिर भी स्वास्थ्यकर्मी बन गया। मनुष्य बेकार ही मेहनत करता है! सवाल गधे की योग्यता का नहीं, उस प्रणाली की बुद्धिमत्ता का है, जिसने तस्वीर नहीं देखी, नाम नहीं पढ़ा, जाति पर ध्यान नहीं दिया और संदिग्ध दस्तावेजों को भी रास्ता दे दिया। शायद अधिकारी कहेंगे कि यह तकनीकी त्रुटि थी। अपने यहां तकनीक सुविधाजनक प्राणी है, काम सफल हो तो डिजिटल क्रांति, गड़बड़ी हो तो सर्वर की गलती! घटना मजाक लगती है, लेकिन मामला गंभीर है। आखिर यह वैâसे? यदि गधे की तस्वीर वाला आवेदन पास हो सकता है तो फर्जी आवेदकों को रोकने की व्यवस्था कितनी भरोसेमंद है? अब स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में बोर्ड लगाना चाहिए, ‘कृपया उपचार से पहले नर्स का प्रमाणपत्र और प्रजाति दोनों जांच लें।’ हाऊऊऊ मोहन जी… गधा निर्दोष है साहब, असली ढेंचू आपकी व्यवस्था है, जिसने बिना जांच प्रमाणपत्र जारी कर दिया!
आईएएस की नौकरी छोड़ी,
सीधे सत्ता का आवेदन भरा!
युवाओं को समझाया जाता है, मेहनत करो, यूपीएससी निकालो, आईएएस बनो। लेकिन कुछ अधिकारी समझते हैं कि फाइल पर हस्ताक्षर करने से बेहतर उस मंत्री की कुर्सी हासिल करना है, जिसकी मंजूरी के लिए फाइल घूमती है।
पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने सेवा छोड़कर राजनीति में आने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वह किसी दल के झंडे तले नहीं, जनता के साथ राजनीति शुरू करेंगी। उद्देश्य सत्ता पाना नहीं, राजनीति का चरित्र बदलना है।
इरादा नेक है। राजनीति में आनेवाला हर व्यक्ति शुरुआत में यही कहता है। आगे जनता तय करती है कि चरित्र बदला या केवल कुर्सी का पता! इस चर्चा के बीच छत्तीसगढ़ के दो पूर्व अफसर याद आए। अजीत जोगी ने १९८६ में आईएएस छोड़ी, कांग्रेस से राज्यसभा पहुंचे और छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री बने। ओपी चौधरी ने इस्तीफा देकर भाजपा का रास्ता पकड़ा। पहला विधानसभा चुनाव हारे, लेकिन २०२३ में विधायक बने और अब वित्त मंत्री हैं। यानी सेवा छोड़ने के बाद संभावनाएं अपार हैं, पहले जिन बजट फाइलों को पढ़ते थे, अब बजट पेश कीजिए! लेकिन राजनीति यूपीएससी परीक्षा नहीं, जहां पाठ्यक्रम निश्चित और उत्तर पुस्तिका गोपनीय होती है। यहां प्रश्न जनता पूछती है, परिणाम चुनाव आयोग घोषित करता है और अंक गठबंधन जोड़ता है।
दिव्या मित्तल ने सत्ता नहीं, जनसेवा की बात कही है। शुभकामनाएं। बस याद रहे कि जिनकी आवाज कार्यालय तक नहीं पहुंचती थी, उनकी आवाज चुनाव जीतने के बाद भी सुनाई दे। आपने नौकरी छोड़ी है, जवाबदेही नहीं; अब सीधा जनता साक्षात्कार लेगी!

अन्य समाचार