-२५ अक्टूबर से २६५ साप्ताहिक अंतर्राष्ट्रीय सेवाओं पर कैंची
-टी१ के पुनर्विकास के चलते टी२ पर बढ़ेगा घरेलू उड़ानों का दबाव
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-१ (टी१) के पुनर्विकास की तैयारी अब हवाई यात्रियों पर भारी पड़ने वाली है। मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) ने ४६ एयरलाइनों से २५ अक्टूबर से अस्थायी रूप से २६५ साप्ताहिक अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में कटौती करने को कहा है। इसका सीधा असर मुंबई से विदेश जाने वाले यात्रियों पर पड़ सकता है। मुंबई एयरपोर्ट पर फिलहाल दो प्रमुख टर्मिनल हैं। टी१ से मुख्य रूप से घरेलू और टी२ से अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों का संचालन होता है। टी१ के पुनर्विकास के दौरान उसकी क्षमता प्रभावित होने के कारण घरेलू उड़ानों का एक हिस्सा टी२ पर स्थानांतरित करने की योजना है। इसके लिए टी२ पर अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के स्लॉट खाली किए जाएंगे।
इस योजना का सबसे बड़ा असर इंडिगो और एयर इंडिया पर पड़ने वाला है। सूत्रों के अनुसार, इंडिगो को मुंबई से अपनी साप्ताहिक अंतर्राष्ट्रीय सेवाओं में ७४ उड़ानों की कटौती, जबकि एयर इंडिया को ३३ उड़ानों की कमी करनी पड़ सकती है। वर्तमान में इंडिगो मुंबई से करीब २२४ और एयर इंडिया करीब १०० अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें प्रति सप्ताह संचालित करती हैं। इसके अलावा अकासा एयर की ११, एयर इंडिया एक्सप्रेस की ७ और स्पाइसजेट की ५ अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में कटौती प्रस्तावित है। विदेशी एयरलाइनों में एतिहाद और अमीरात की सेवाओं में भी १०-१० साप्ताहिक उड़ानों की कमी की बात सामने आई है।
यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
टी१ के पुनर्विकास के दौरान अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में कटौती से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उड़ानों के विकल्प घटने से किराए में बढ़ोतरी, कनेक्टिंग फ्लाइट में बदलाव और यात्रा समय बढ़ने की आशंका है। खासकर त्योहारी सीजन में विदेश जाने वाले यात्रियों पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।
