सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के एक भावुक बयान ने राज्य की राजनीति के साथ-साथ महायुति के भीतर भी हलचल पैदा कर दी है। एक चीनी कारखाने के चुनाव प्रचार के दौरान अजीत पवार को याद करते हुए सुनेत्रा पवार ने बिना नाम लिए अपने ही खेमे के कुछ लोगों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग एक ओर अजीत पवार का गुणगान करते हैं, वही दूसरी ओर उनकी पीठ में खंजर घोंप रहे हैं और पर्दे के पीछे उनके बारे में तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।
सुनेत्रा पवार ने कहा कि अजीत पवार को गुजरे अभी एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ है। उनके जाने के बाद जो कुछ चल रहा है, उसे देखकर उन्हें समझ आ रहा है कि लोग वास्तव में किस तरह सोचते हैं। उन्होंने कहा कि अजीत पवार के जाने के बाद उनका परिवार तो अनाथ जैसा हो ही गया, लेकिन उनके समर्थकों को भी अकेला न पड़ने देने के लिए वह उनकी जगह पर खड़ी हुई हैं।
