मुख्यपृष्ठनए समाचारसुप्रिया सुले का महायुति पर हमला: ‘धोखेबाज’ सरकार ने महिलाओं को भी...

सुप्रिया सुले का महायुति पर हमला: ‘धोखेबाज’ सरकार ने महिलाओं को भी नहीं छोड़ा!

महिला सम्मेलन में बोलीं सांसद-पवार परिवार का घर तोड़ा, अब दूसरों के घर तोड़ने की तैयारीr!
अनिल मिश्रा / कल्याण
जैसे पवार परिवार का घर तोड़ा गया, वैसे ही तुम्हारा घर भी तोड़ा जा सकता है। घर तोड़ने वाली सरकार के विरुद्ध जनता को अब सावधान रहना चाहिए। यह आह्वान सांसद सुप्रिया सुले ने कल्याण के कांबा स्थित महिला सम्मेलन में किया।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से भाऊ गोंधले के आयोजन में कल्याण तालुका के कांबा में महिला सम्मेलन आयोजित किया गया था। इस सम्मेलन में कल्याण ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
इस अवसर पर सांसद सुप्रिया सुले ने महायुति सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह फंसाने वाली, यानी धोखेबाज सरकार है। झूठे आश्वासन देकर और मतों की चोरी करके ये सत्ता में आए हैं। चुनाव जीतने के लिए महिलाओं को हर महीने डेढ़ हजार रुपये दिए गए। चुनाव जीतने के बाद अब नए-नए नियम लागू कर कई महिलाओं को डेढ़ हजार रुपये की सहायता से वंचित कर दिया गया है। इससे कई महिलाओं के पैसे बंद हो गए हैं। इसका मतलब है कि यह फंसाने वाली सरकार है।
‘बैलेट पेपर पर कराओ २०२९ का चुनाव, दूध का दूध-पानी का पानी हो जाएगा’
सुप्रिया सुले ने कहा कि चुनाव पारदर्शी तरीके से होना चाहिए। वर्ष २०२९ का चुनाव बैलेट पेपर पर कराओ, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। साथ ही लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को आरक्षण मिलना चाहिए। इसके लिए भी हमारी लड़ाई शुरू है। कार्यक्रम के आयोजक भाऊ गोंधले ने अपने प्रस्तावना भाषण में कहा कि वे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शुरू से काम कर रहे हैं।
सुले ने आगे कहा कि हमारी सरकार आई तो हम महिलाओं को सुरक्षित रखेंगे। आज जो पुलिस मंत्री महोदय के आगे-पीछे घूम रही है, वही पुलिस मेरी महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेगी। तुम्हारा पैसा बैंक में सुरक्षित रहेगा और पैसा निकालने के लिए किसी भी प्रकार का दंड नहीं लगेगा। हम ऐसा करेंगे। नकल करके सरकार सत्ता में आई है और उसने मतों की चोरी की है।

अन्य समाचार