मुख्यपृष्ठस्तंभनिदा फाजली : केवल नाम नहीं, एक रवायत

निदा फाजली : केवल नाम नहीं, एक रवायत

विजयशंकर चतुर्वेदी

निदा फाजली साहब की जयंती के दिन भी उनके बारे में मैं कभी मरहूम नहीं लिख पाता। उनके साथ बिताए हुए लम्हे याद आ रहे हैं। वे हरदिलअज़ीज़ शायर तो थे ही, इंसान भी बहुत अच्छे थे। उनका जेहन बहुत ख़ूबसूरत था। उनके सान्निध्य और मेहमाननवाज़ी का ज़िक्र आज भी उस जमाने के लोग करते हैं। लेकिन वह दुनियादार और चौकन्ने आदमी भी थे। अपने बारे में किस्से गढ़ना उन्हें आता था। नामचीन पत्रकारों से करीबी राब्ता रखने की अहमियत वह खूब समझते थे। दुनिया के साथ कैसा सुलूक करना है और दुनिया से कैसे निपटना है, यह तो निदा साहब बख़ूबी जानते थे। इसमें ताज्जुब की बात क्या थी! उन्होंने ख़ुद लिखा था
‘यों तो हम भी बाइज़्ज़त हैं शाइस्तों की महफ़िल में
कुछ यारों का सीधापन है, कुछ अपनी अय्यारी है।‘
लोगों ने उन्हें शायद किसी वीडियो में देखा होगा या किसी मुशायरे में सुना होगा। मुझे यह सर्फ़ हासिल रहा कि मैंने उनके खार डांडा वाले वन बेडरूम फ्लैट में बैठकर उनके मुंह से उनके न जाने कितने अशआर, नज़्में, गीत और दोहे सुने। उस वक्त हमारे मीरा-भायंदर इलाके में आने पर वे सड़क के किनारे-किनारे अपनी रचनाएं तो सुनाते ही थे, अपने दौर के गीतकारों को भी गाते-सुनाते चलते थे, जैसे कि सोम ठाकुर, रमानाथ अवस्थी की पंक्तियां। उनकी याददाश्त कमाल की थी। फिर अचानक मुड़ कर पूछते थे, “तुम्हें किसका क्या याद है?”
उनकी महफ़िलों में मैं बच्चे की तरह शरीक होता था। शाम को वहाँ ज़्यादातर हमारे वरिष्ठ लोग जमा होते थे, कुछ शायर, ‘धर्मयुग’, ‘जनसत्ता’, और ‘नवभारत टाइम्स’ जैसे बड़े अखबारों के दिग्गज पत्रकार। उनमें से कुछ नाम मुझे याद आते हैं: धीरेंद्र अस्थाना जी, हरीश पाठक जी, अवधेश व्यास जी, शायर सिब्बन बैजी, सुधांशु शेखर, कला समीक्षक और कवि राकेश श्रीमाल, फिल्म राइटर, पत्रकार और शायर संजय मासूम, पूरन पंकज, वेद विलास उनियाल आदि। लेकिन मुंबई में निदा साहब का दायरा इससे कहीं बहुत बड़ा और विविधतापूर्ण था; ख़ास तौर पर साहित्य और फ़िल्म-जगत में। वे बहुत बड़े फिल्म गीतकार थे लेकिन फिल्मी लोगों से महज कारोबारी रिश्ता ही रखते थे। अलबत्ता, उर्दू अदब की दुनिया से उनका जड़-मूल का नाता था। देश-विदेश में मुशायरे पढ़ते थे। भारत में ग़ज़ल गायकी के सम्राट कहे जाने वाले जगजीत सिंह जी से उनकी लंगोटिया दोस्ती उन दिनों से थी, जब जगजीत सिंह सिखों वाली पगड़ी पहने फिल्मों में स्ट्रगल किया करते थे। बाद में जगजीत सिंह जी के एलबमों में अक्सर निदा साहब की ग़ज़लें पाई जाती थीं।
मेरे लिए निदा साहब किसी सुपरस्टार से कम नहीं थे, लेकिन उनका दिल यह मानने को तैयार नहीं होता था कि वे बहुत बड़े आदमी हैं। वे हम जैसे नौसिखिया पत्रकारों और मामूली कवियों को मुंह लगाकर रखते और बहुत परवाह भी करते थे। इसकी एक वजह यह थी कि वे नए लोगों को प्रोत्साहित करना अपना फ़र्ज़ समझते थे। प्रेस क्लब में धीरेंद्र जी कई बार बताते कि निदा साहब पीठ पीछे फलां दिन मेरी किसी कविता की सराहना कर रहे थे।
जाहिर है, उर्दू के लोगों के बीच उनकी खूब उठा-बैठक थी। लेकिन निदा साहब चुटकी लेने में भी बड़े उस्ताद थे। इससे अक्सर उर्दू के लोग उनसे मुँह फुला लेते थे। कमाल की बात यह थी उनकी शायरी और शख़्सियत का हिंदी और उर्दू दोनों में बराबर एहतराम था। दरअसल, जब वे मुंबई में अपने पांव जमा रहे थे, तब उर्दू पत्रकारिता भी करने लगे थे। उनका बचपन ग्वालियर में बीता था और पढ़ाई-लिखाई भी वहीं हुई। मुंबई आने पर यहां के कुछ बड़े नामों से उनकी नोकझोंक शुरू हो गई। वे उनके बारे में ऐसा कुछ लिख देते कि उर्दू जगत में हलचल मच जाती; तलवारें खिंचने जैसी नौबत आ जाती थी। लेकिन निदा साहब अपने तर्कों के बल पर ज़ोए अंसारी जैसे उर्दू के बड़े नक्कादों को भी छेड़ने से बाज़ नहीं आते थे। एक बार तो मामला अदालत तक पहुँच गया था!
हिन्दुस्तान में तो वे मुशायरा लूट ही लेते थे। पाकिस्तान और दुबई समेत दीगर मुमालिक में भी उनकी बड़ी डिमांड रही। सलाहियत और अदायगी ऐसी थी कि क्या कहें! वीडियोज में देखा जा सकता है कि वे किस तरह अपना रंग जमाते थे।
हम लोग अख़बार का काम निपटाकर अक्सर अपने वरिष्ठ साथियों के साथ निदा साहब के आस्ताने पर पहुंचते थे। खार रोड या बांद्रा स्टेशन से उनके फ्लैट का रास्ता दिमाग़ में खाला के घर की तरह छप गया था। लैंडलाइन पर पहले ही बात हो जाया करे। महफ़िल का सारा इंतज़ाम वे करते थे। किस उपद्रवी शायर या पत्रकार को घर नहीं आने देना है, यह भी था। मेरा नाम भी कगार पर ही रहता था। कई बार कुछ लोग जब रात में घर लौटने की हालत में न रह जाते , तो निदा साहब अपने हाथ से बिरयानी बनाना शुरू कर देते। उनकी शरीक-ए-हयात मालती जोशी जी अपने आप में एक हस्ती हैं। वे गुजराती फ़िल्मों में अभिनय कर चुकी थीं और बहुत अच्छी गायिका। महफ़िल की निगहबानी वे ही करती थीं।
निदा साहब बिरयानी बनाते समय मुझे प्याज़ तक नहीं काटने देते थे। कहते, “बिरयानी के प्याज काटने लायक तेरी औकात नहीं है! यह खास हुनर है!” हम लोग हँस पड़ते। फिर वे बिरयानी का इतिहास-भूगोल समझाते हुए बड़े प्यार से दही में बने सलाद के साथ उसे परोसते। जगह इतनी कम थी कि फोल्डिंग डायनिंग टेबल हॉल की पश्चिमी दीवार में गड़ा हुआ था। उसे खोलने-बंद करने में उन्हें बड़ा मज़ा आता था। वे यारबाश और ज़िंदादिल इंसान थे। उनकी महफिलों में जो शामिल हुआ हो, वही उसकी लज़्ज़त समझ सकता है। हालांकि, उस समय मुझे कविता की कोई समझ थी, न पत्रकारिता का कोई ख़ास अनुभव। फिर भी वे मेरी कविताएं पसंद करते और आदेश देते, “सुना।” वहां बाकी लोग भी अपनी रचनाएं पढ़ते थे। निदा साहब की ख़ासियत थी कि वे कहते, “अच्छा, एक-दूसरे के शेर सुनाओ।”
उनकी महफ़िल की निराली बात यह थी कि वहां साहित्यिक समझ और रुचि पैदा की जाती थी। वरिष्ठ लोग अपने कटु-तिक्त-मृदुल साहित्यिक अनुभव साझा करते थे। वे चाहते थे कि हम सिर्फ़ अपनी रचनाओं पर ही नहीं, दूसरों की रचनाओं पर भी ध्यान दें। कई बार मैं संजय मासूम के दसियों शेर सुना देता था। मेरे हमउम्र लोग जब नहीं सुना पाते, तो निदा फ़ाज़ली साहब उनकी ख़बर लेते थे। वह पाठशाला थी। वह कोई ऐसी जगह नहीं थी जहाँ कोई भी आकर शराब पीने लगे।
उनके एक गहरे मित्र थे- कमल शुक्ल। कथाकार, गीतकार। नब्बे के दशक की शुरुआत में ‘सबरंग’ ने उनकी कहानी ‘नील लपट’ छापी तो मानो उनमें नया जोश आ गया। पेशे से वे इंटीरियर डिज़ाइनर थे और भोपाल के दिनों से जावेद अख़्तर साहब के पक्के दोस्त थे। बांद्रा (मुंबई) में खार डांडा के पास, उनका घर और दफ्तर दोनों था। कई बार निदा साहब हमें वहाँ भी ले जाते और महफ़िलों का सिलसिला चलता रहता। शामों को अक्सर वही दोनों बैठ जाते। लेकिन दिसंबर 1992 में बाबरी मस्जिद शहीद किए जाने के बाद जो देशव्यापी दंगे हुए, उसके बाद यह सिलसिला थम गया। मुंबई में उन दोनों से जुड़ी कुछ बहुत दुखद बातें हैं, जिनका ज़िक्र मैं अभी यहां नहीं करूंगा।
मेरे कहने का मतलब यह है कि निदा साहब सच्चे हिंदुस्थानी दिल वाले इंसान थे। वे सोच से पूरी तरह धर्मनिरपेक्ष थे और धर्म के कट्टर रूपों का विरोध करते थे। वे अफ़सोस जताते थे कि सियासत ने दो सगी ज़बानों को हिंदू और मुसलमान में तकसीम कर दिया है। उन्हें हिंदी और उर्दू दोनों ने गहरा लगाव था। उनकी शायरी, कविताओं, दोहों, नज़्मों और उनके गद्य में यह बात साफ़ दिखाई देती है। वे कबीर, मीरा, ग़ालिब और मीर जैसे उस्तादों से बहुत प्रभावित थे। सगुण की अपेक्षा निर्गुण से उनका लगाव कुछ ज़्यादा था। हमने उन्हें कभी मस्जिद जाते नहीं देखा-सुना। उनका एक बड़ा मशहूर शेर है:
‘घर से मस्जिद है बहुत दूर चलो यूं कर लें,
किसी रोते हुए बच्चे को हंसाया जाए।‘
वे अपने विचारों को जीते भी थे, और उन्हें अपनी रचनाओं में इस सलीके से पिरोते थे कि उनकी पंक्तियां लोगों की ज़बान पर चढ़ जाती थीं। लोग रोज़मर्रा की बातचीत में भी उनका इस्तेमाल करते हैं। याद कीजिए,
‘कभी किसी को मुकम्मल जहाँ नहीं मिलता,
कहीं ज़मीं तो कहीं आसमाँ नहीं मिलता।‘
‘हर आदमी में होते हैं दस-बीस आदमी,
जिसको भी देखना हो कई बार देखना।’
‘सफ़र में धूप तो होगी जो चल सको तो चलो,
सभी हैं भीड़ में तुम भी निकल सको तो चलो।‘
‘दुनिया जिसे कहते हैं जादू का खिलौना है,
मिल जाए तो मिट्टी है खो जाए तो सोना है।‘
‘बच्चों के छोटे हाथों को चांद-सितारे छूने दो,
चार किताबें पढ़ कर ये भी हम जैसे हो जाएंगे।‘
‘होश वालों को ख़बर क्या बे-ख़ुदी क्या चीज़ है,
इश्क़ कीजे फिर समझिए ज़िंदगी क्या चीज़ है।‘
‘अपना ग़म लेके कहीं और न जाया जाए,
घर में बिखरी हुई चीज़ों को सजाया जाए।‘
यह याद करके रोमांच हो आता है कि ये गजलें मैंने ख़ुद उनके मुंह से उन्हीं के घर पर सुनी हैं। पेचीदा से पेचीदा फिक्र को सहल अंदाज़ में पेश करने में निदा साहब माहिर थे। लेकिन अपनी राय के राजा थे। एक बार उन्होंने ‘ख़ुदा-ए-सुख़न’ मीर की ज़मीन पर कही गई अपनी ग़ज़ल मुझे फोन पर ही नोट करवा दी थी। उसमें उनका यह मक्ता था-
‘हमारा मीर जी से मुत्तफ़िक़ होना है नामुमकिन,
उठाना है जो पत्थर इश्क़ का तो हल्का भारी क्या।‘
याद करें कि मीर तक़ी मीर कह गए हैं:
‘इश्क़ इक ‘मीर’ भारी पत्थर है,
कब ये तुझ ना-तवाँ से उठता है।‘
मैं ये दावा नहीं करता कि निदा साहब अच्छे शायर थे, बड़े शायर थे, बहुत बड़े शायर थे, पाएदार शायर थे, या कि उस्ताद शायर थे। यह तय करना अदबी शोअरा का काम है। इतना ज़रूर कहता हूँ कि वो बड़े प्यारे शायर थे। जब उनकी किताबें आतीं, चाहे गद्य की हों या पद्य की, तो वे ख़ुशी-ख़ुशी हम लोगों को देते थे। उनकी ‘मोर नाच’ और ‘दीवारों के बीच’ का प्रकाशन मुझे याद है। उन रचनाओं पर मैंने उस समय कुछ समीक्षाएं भी लिखी थीं। मेरी समझ जितनी थी, उसी के अनुसार लिखा। निदा साहब को समझने की मुझमें तब सलाहियत थी, न अब है। हम तो उनकी मोहब्बत, ख़ुलूस, दरियादिली, बेबाकी और इंसान को तवज़्ज़ो देने की अदाएं याद करते हैं।
निदा फ़ाज़ली सिर्फ़ एक नाम नहीं, रवायत है। आज उनकी जयंती पर मुझे उनकी बेतरह याद आ रही है। लगता है जैसे मैं उनकी ही महफिल में बैठा हूँ। पुराने अहबाब मौजूद हैं और वे अपनी दिल में उतर जाने वाली असरदार आवाज़ में हम सबको अपने अशआर सुना रहे हैं। और आदत के मुताबिक मालती जी से कह रहे हैं, “चलो, इसे अब गाकर सुनाओ।” मालती जी रसोई से निकलकर मुस्कुराते हुए गाने लगती हैं—
“दिल में न हो जुर्रत तो मोहब्बत नहीं मिलती,
ख़ैरात में इतनी बड़ी दौलत नहीं मिलती।”
इस वक़्त मैं उन कदीम जुम्बिशों से क़रीब तेरह सौ किलोमीटर दूर बैठा हूँ, फिर भी वे मेरे आसपास ‘मोरनाच’ कर रही हैं। दुआ करता हूँ कि उनकी रचनाएँ हमें रास्ता दिखाती रहें, आगे का रास्ता, धर्मनिरपेक्ष भारत की राह। एक-दूसरे को बर्दाश्त करने की चाह।

अन्य समाचार