सामना संवाददाता / मुंबई
ज्ञानेश कुमार एक माफिया हैं और उन्होंने पूरी व्यवस्था का अपराधीकरण कर दिया है। ऐसे माफिया के खिलाफ वैâसे लड़ना है, यह हम अच्छी तरह जानते हैं। पिछले दस-बारह वर्षों से मोदी और शाह सभी को धमकाकर और डराकर रखते थे, लेकिन अब उनके डरने की बारी आ गई है। ऐसा जोरदार हमला शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत ने केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा पर बोला। लोकसभा में विपक्ष नेता राहुल गांधी के आवास पर आयोजित `इंडिया’ गठबंधन की बैठक के बाद मीडिया से बोलते हुए संजय राऊत ने केंद्र सरकार को घेरा। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज चार लाख सुरक्षाकर्मियों को तैनात करके वे खुद छिपकर बैठे हैं। राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू हुआ यह संघर्ष अब देश, राज्यों और शहरों में इसी तरह जारी रहेगा। हम सभी की एकजुटता आगे भी कायम रहेगी।
`सरकार लोकतंत्र को कुचलने की गलती कर रही है’
एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि सरकार लोकतंत्र को कुचलने की गलती कर रही है। भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने हमें संविधान के माध्यम से जो अधिकार दिए हैं, उन्हें एक व्यक्ति और यह सरकार नष्ट करने का काम कर रही है। यह बहुत बड़ी गलती है। अन्याय और अत्याचार के खिलाफ हमारी एकजुटता गली से लेकर दिल्ली तक इसी तरह कायम रहेगी, ऐसा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नेता सुप्रिया सुले ने कहा।
`चुनाव प्रक्रिया कमजोर हुई’
तृणमूल कांग्रेस की सांसद सागरिका घोष ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने भारत में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने की प्रक्रिया को कमजोर किया है। जब तक ज्ञानेश कुमार पद पर बने रहेंगे, तब तक भारत में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव नहीं हो पाएंगे। इसलिए उन्हें पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए। जब तक ऐसा नहीं होता, तब तक हमारा संघर्ष इसी तरह जारी रहेगा।
