-वाराणसी से बड़ी संख्या में शामिल होंगे कांग्रेसजन
उमेश गुप्ता / वाराणसी
आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली की तैयारियों के क्रम में मंगलवार को वाराणसी के पराड़कर स्मृति भवन में कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव, कई राज्यो के प्रभारी रहे, राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद तथा वाराणसी में महारैली के पर्यवेक्षक रघु शर्मा ने महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं, विभिन्न राज्यों में मतदाताओं की संख्या में अचानक वृद्धि और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस पार्टी की चिंताओं को विस्तार से रखा।
AICC पर्यवेक्षक रघु शर्मा ने कहा कि वोट चोरी’ केवल एक चुनाव या किसी एक राज्य तक सीमित मुद्दा नहीं है, बल्कि यह देश के लोकतंत्र और जनता के मताधिकार से जुड़ा व्यापक सवाल है। भारतीय जनता पार्टी पर वोट चोरी और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग कर सत्ता में काबिज है वाराणसी में भी चुनावी प्रक्रिया और परिणामों को लेकर सवाल उठना वाजिब है जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी के आह्वान पर कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए आवाज़ बुलंद कर रही है और लगातार सड़क से लेकर संसद तक लड़ रही है लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव, पारदर्शी मतदाता सूची और स्वतंत्र चुनाव आयोग अत्यंत आवश्यक हैं। यदि मतदाता सूची ,चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं, तो उनका निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए।
