सुरेश गोलानी / मुंबई
दीपावली उत्सव के दौरान मीरा-भायंदर शहर में आगजनी की रिकॉर्ड तोड़ घटनाएं सामने आई हैं। त्योहार के उत्साह के बीच शनिवार को जहां शहर में २२ जगहों पर आग लगी थी, वहीं रविवार रात को यह आंकड़ा तेजी से बढ़ते हुए १०७ पर पहुंच गया। इतनी बड़ी संख्या में आग लगने की घटनाओं ने मीरा-भायंदर महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग को रात भर अलर्ट पर रखा। अग्निशमन अधिकारियों के अनुसार, इन १०७ कॉल्स में से दो कॉल मेजर श्रेणी के थे, जबकि बाकी घटनाएं सामान्य थीं। सबसे ज्यादा यानी ३० कॉल्स मीरा रोड के कनकिया फायर स्टेशन को आए, जिसका मुख्य कारण है इस इलाके में नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए लोगों द्वारा सुबह ४ बजे तक की गई आतिशबाजी। अग्निशमन विभाग के मुताबिक, रात भर में दो मुख्य बड़ी घटनाएं दर्ज की गईं, जिसने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी थी। पहली घटना भायंदर पश्चिम स्थित प्लैनेटएरिया जहां रखे हुए शादी-ब्याह और कार्यक्रमों के मंडप का भारी मात्रा में सामान आग की चपेट में आ गया।
देखते ही देखते पूरा सामान जलकर खाक हो गया। दूसरी घटना मांडवीपाडा की है, यहां एक झोपड़पट्टी में अचानक आग भड़क उठी। दमकलकर्मियों के पहुंचने तक ५-६ झोपड़ियां पूरी तरह जल चुकी थीं। सूत्रों के अनुसार, भायंदर-पूर्व स्थित एक निजी स्कूल में भी आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। स्कूल के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक क्लासरूम में आग लग गई, जिससे कक्षा में रखा सामान जल गया।
हालांकि, दमकल जवानों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग को पूरी इमारत में फैलने से रोक लिया। मनपा प्रशासन के अनुसार, अधिकांश जगहों पर पटाखों की चिंगारी के कारण कचरे या सूखी झाड़ियों में छोटी-मोटी आग लगी थी, जिसे समय रहते बुझा दिया गया। राहत की बात यह है कि इतनी बड़ी संख्या में आग लगने के बावजूद शहर में कहीं से भी किसी के हताहत होने या जनहानि की खबर नहीं है। सूत्रों का दावा है कि आगजनी का वास्तविक आंकड़ा १०७ से भी कहीं ज्यादा है। शहर में ऐसे कई ‘अनरिपोर्टेड केसेस’ भी हैं, जहां पटाखों से छोटी-मोटी आग लगी और दमकल विभाग को फोन करने के बजाय नागरिकों ने खुद आग पर काबू पा लिया।
(बॉक्स)
इन छह फायर स्टेशनों पर आए इतने कॉल्स:
-कनकिया फायर स्टेशन : ३० (सबसे ज्यादा कॉल्स)
-स्व. कल्पना चावला फायर स्टेशन: २७
-सिल्वर पार्क फायर स्टेशन: १९
-पेणकर पाडा फायर स्टेशन: १५
-नवघर फायर स्टेशन: १४
-उत्तन फायर स्टेशन: ०२
-कुल कॉल्स: १०७
