अंधकार को दूर कर प्रकाश की किरणों से आकाश को उज्ज्वल कर देने वाला दिवाली का मंगलमय दीपोत्सव शुरू हो गया है। कितनी भी कठिनाइयां हों, कितने भी प्रश्न सताते हों, फिर भी इन समस्याओं और संकटों को चार दिन के लिए ही सही, किनारे रखकर गरीब से लेकर मध्यमवर्गीय और अमीर तक सभी दिवाली के इस चैतन्यमय पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं। इस बार तो दिवाली पूरे एक सप्ताह की आई है। गुरुवार को वसुबारस से दिवाली की शुरुआत हुई। शुक्रवार को धनतेरस हुई। रविवार को लक्ष्मी पूजन हुआ। १० तारीख को पाड़वा, ११ तारीख को भाई दूज होगा और सप्ताह भर की दिवाली का समापन होगा। खासकर धनतेरस के दिन सोना खरीदना चाहिए, ऐसा कहा जाता है। इसका कोई वैज्ञानिक आधार हो या न हो, लेकिन कुछ परंपराएं रूढ़ हो जाती हैं और एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक इन परंपराओं का संरक्षण होता रहता है। धनतेरस को सोना खरीदना चाहिए, यह परंपरा तो है, लेकिन इस वर्ष सोने के भाव ने जो ऊंचाई छुई है, उसे देखते हुए कितने लोगों ने सोना खरीदा होगा, इसमें संदेह ही है। सोने का भाव डेढ़ लाख रुपए प्रति तोला हो जाने से सोना खरीदना गरीब और मध्यमवर्गीय लोगों की पहुंच से बाहर हो गया है। केवल अमीर परिवारों ने ही इस बार धनतेरस पर सोना खरीदने का ठाठ किया। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ महीने पहले वैश्विक स्तर पर आर्थिक परिस्थितियों और युद्ध जैसी स्थिति के कारण सोना न खरीदने का आह्वान देशवासियों से किया था। बेशक, प्रधानमंत्री ने कहा इसलिए नहीं, बल्कि पिछले पांच वर्षों में सोने के दाम आसमान छूने के कारण इस बार सराफा बाजार में पहली बार दिवाली के ठीक मौके पर सन्नाटा देखने को मिला। इसके अलावा इस बार की दिवाली पर सूखे का भीषण साया भी देखने को मिल रहा है। मुंबई, पुणे जैसे बड़े महानगरों में दिवाली के लिए सजे हुए बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ और चहल-पहल दिखाई दे रही हो, फिर भी महाराष्ट्र के
ग्रामीण इलाकों में
वैसी स्थिति नहीं है। तहसील मुख्यालयों पर बाजार सामानों से खचाखच भरे होने के बावजूद, सूखे के गंभीर संकट का सामना कर रहे किसान और खेती पर निर्भर बड़ा वर्ग दिवाली की खरीदारी से दूर ही रहा, इसलिए ग्रामीण इलाकों के बाजारों में सामान्य दिवाली जैसा कारोबार और उत्साह नहीं दिखा। इस साल बारिश का मौसम आधे से अधिक सूखा बीतने के कारण महाराष्ट्र के लगभग ८५ प्रतिशत हिस्से में बारिश के मौसम में ही सूखे का संकट आ गया। सर्दी के चार और आगे गर्मी के चार, ऐसे आठ महीने वैâसे गुजारें, यह सवाल आज ग्रामीण जनता के सामने मुंह बाए खड़ा है। फसलें खेतों में ही सूख गर्इं, कुओं में पानी नहीं है, तालाब सूख गए, ऐसी सारी गंभीर स्थिति है। सरकार ने सूखा घोषित करने की औपचारिकता कागजों पर पूरी कर दी; लेकिन सूखाग्रस्त जनता को राहत देने के लिए कोई ठोस निर्णय या उपाय सरकार ने किए, ऐसा दिखाई नहीं देता। एक तरफ सरकार मंत्रियों के बंगलों के पर्दों पर हजारों रुपए खर्च करती है और दूसरी तरफ दिवाली के लिए किसानों को केवल ५ हजार रुपए की मामूली मदद देती है। इसे मजाक नहीं तो और क्या कहें? सरकारी और निजी क्षेत्र में नौकरी करने वाले लोगों को दिवाली पर बोनस मिलने से बाजार में थोड़ा-बहुत खरीदारी का माहौल दिखाई दे रहा हो, फिर भी निश्चित आय और बोनस वगैरह के बारे में कुछ भी पता न होने वाली गरीब जनता और किसान तथा खेत मजदूर दिवाली की खरीदारी की यह मौज-मस्ती करे भी तो कैसे? न तो इस ग्रामीण जनता के दरवाजे पर बैंक खड़े होते हैं और न ही ईएमआई पर वे कुछ खरीद सकते हैं। इसलिए
गरीबों के जीवन का अंधकार
दूर करने वाले दिन जब आएंगे, वही सच्ची दिवाली होगी! ‘अच्छे दिन’ के सपनों का भूलभुलैया बनाकर सत्ता में आए ‘शासकों’ ने ‘अच्छे दिन’ तो छोड़िए, बल्कि महंगाई और बेरोजगारी के गर्त में धकेलकर देश की जनता का दिवाला ही निकाल दिया है। अपने चहेते उद्योगपतियों के घर भरकर उन्हें देश की संपूर्ण संसाधन-संपत्ति सौंपी जा रही है। आज देश में गलत तरीके से सत्ता में आए शासकों और उद्योगपतियों की ही जेबें गर्म हो रही हैं, इसलिए सिर्फ उन्हीं की दिवाली जोर-शोर से मनती है। आम जनता को पूछता कौन है? सूखे के बार-बार आने वाले संकट को रोकने के लिए पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना और इसके लिए वन क्षेत्र बढ़ाना सरकार का पहला कर्तव्य होते हुए भी, ठीक सूखे के बीच सह्याद्रि की घाटी में कर्जत, भीमाशंकर में जंगल काटने का तुगलकी कारोबार महाराष्ट्र में चल रहा है। एक तरफ सरकार पर्यावरण के अनुकूल दिवाली मनाने का आह्वान करती है और दूसरी तरफ सह्याद्रि के जंगल की होली करती है, यह महाराष्ट्र का दुर्भाग्य है। महाराष्ट्र का इस तरह दिवाला निकाला जा रहा है, उसी बीच हर साल की तरह दिवाली के प्रकाश पर्व का उत्सव शुरू हो गया है। महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाके में बिगड़ा हुआ अर्थचक्र, महंगाई का चरम पर पहुंचना, बेरोजगारों की बढ़ती भीड़, किसानों की बढ़ती आत्महत्याएं और उस पर आया सूखे का भयंकर संकट, ऐसी विकट परिस्थिति में महाराष्ट्र का ग्रामीण जनजीवन आज अंधकारमय हो रहा है। इन सभी संकटों का हिम्मत से मुकाबला करते हुए किसानों सहित महाराष्ट्र का समग्र समाज-मन इस दिवाली में प्रकाशमान हो, सारी बला टले, सूखे का संकट भागे, बाहर की लक्ष्मी महाराष्ट्र में आए और दिवाली के तेजोमय प्रकाश में महाराष्ट्र की जनता का जीवन उज्ज्वल हो, यही मंगल कामना इस दीपोत्सव के अवसर पर हर किसी को करनी चाहिए!
