मुख्यपृष्ठनए समाचारट्रैफिक जाम के सामने फीकी पड़ी दिवाली की जगमगाहट!

ट्रैफिक जाम के सामने फीकी पड़ी दिवाली की जगमगाहट!

रविवार को दिवाली के दिन भी मुंबईकरों को जाम से जूझना पड़ा। सांताक्रुज-कुर्ला न्यू लिंकâ रोड से नीचे उतरते समय वेस्टर्न लाइन को जोड़ने वाली सड़क पर रोज शाम वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। जाम में फंसी गाड़ियों की लाइटों के आगे दिवाली की जगमगाहट भी फीकी नजर आ रही थी। दूर से देखने पर ऐसा लगता है, मानो सड़क पर दीयों की माला सजा दी गई हो, लेकिन यह रोशनी खुशी की नहीं, बल्कि मुंबईकरों की रोजमर्रा की परेशानी की तस्वीर है। सरकार ने करोड़ों रुपये खर्च करके फ्लाईओवर बनाए और उनका धूमधाम से लोकार्पण भी किया, लेकिन जमीनी हकीकत में हालात जस के तस हैं। कुर्ला-बीकेसी पुल से आने वाले वाहन नीचे उतरते समय वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, विलेपार्ले-अंधेरी मार्ग और सर्विस रोड पर एक ही जगह आकर मिलते हैं। इससे ऊपर सड़क खुली होने के बावजूद नीचे बॉटलनेक की स्थिति बन जाती है और वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
अटल सेतु के बावजूद पनवेल जाम से बेहाल!
मुंबईकरों को यातायात जाम से मुक्ति दिलाने के नाम पर एक के बाद एक बड़ी-बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की घोषणाएं की जा रही हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल अलग नजर आ रही है। अटल सेतु जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना शुरू होने के बावजूद पुणे और गोवा की ओर जाने वाले वाहन पनवेल के भीषण यातायात जाम में फंसने को मजबूर हैं। अब इस समस्या से निपटने के लिए मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण  एक और कनेक्टर का निर्माण कर रहा है। इससे सवाल उठता है कि आखिर मूल परियोजनाओं की योजना बनाते समय भविष्य के यातायात दबाव और कनेक्टिविटी की जरूरतों का आकलन क्यों नहीं किया गया?
परियोजना के चिर्ले खंड में नींव का काम १०० प्रतिशत और पिलर निर्माण ९८ प्रतिशत पूरा हो चुका है। वहीं पलस्पे खंड में पाइल-ग्रुप फाउंडेशन का काम ७१ प्रतिशत तथा पिलर निर्माण केवल ३८ प्रतिशत पूरा हुआ है। परियोजना को तीसरे स्तर पर एलिवेटेड कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जा रहा है। हालांकि, समूची परियोजना की प्रगति अभी ६७ प्रतिशत ही है।
एमएमआरडीए इस परियोजना को ‘मुंबई इन ५९ मिनट्स’ विजन का महत्वपूर्ण हिस्सा बता रहा है। लेकिन मुंबईकरों के सामने सवाल यह है कि जब एक बड़ी परियोजना के बावजूद पनवेल में यातायात की समस्या बरकरार है, तो केवल नए कॉरिडोर बनाने से कितनी राहत मिलेगी? नई सड़कों और एलिवेटेड पुलों की घोषणाओं से ज्यादा जरूरी मौजूदा यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना है।
६७ प्रतिशत काम पूरा, राहत के लिए अभी करना होगा इंतजार
एमएमआरडीए के अनुसार, अटल सेतु–मुंबई–पुणे एक्सप्रेसवे कनेक्टर परियोजना का ६७ प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। चिर्ले और पलस्पे के बीच ७.३५ किलोमीटर लंबे छह-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। इसके शुरू होने पर दक्षिण मुंबई से पुणे तक की यात्रा में ६० से ९० मिनट की बचत होने का अनुमान जताया गया है। साथ ही पनवेल जंक्शन पर यातायात का दबाव घटाने और नई मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, जेएनपीए तथा मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के बीच बेहतर संपर्क उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है।

अन्य समाचार