मुख्यपृष्ठनए समाचारमहायुति में महाभारत, सहयोगियों में सत्ता की जंग!

महायुति में महाभारत, सहयोगियों में सत्ता की जंग!

-अजीत पवार की विमान दुर्घटना पर रामदास कदम के गंभीर सवाल
-सुनील तटकरे की भूमिका की जांच की मांग से फडणवीस सरकार में हड़कंप!

सुनील ओसवाल / मुंबई

महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार के भीतर सत्ता की खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। भाजपा, शिंदे गुट और अजीत पवार गुट के बीच सब कुछ ठीक होने के दावों के बीच सहयोगी दलों के नेता ही एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाने लगे हैं। शिंदे गुट के वरिष्ठ नेता रामदास कदम ने अजीत पवार गुट के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे को निशाने पर लेकर महायुति की अंदरूनी कलह को सार्वजनिक कर दिया है।
रामदास कदम ने तटकरे को बेईमान बताते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की विमान दुर्घटना में हुई मृत्यु को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने दुर्घटना के पीछे कथित साजिश की आशंका जताते हुए मांग की कि इस मामले की जांच में सुनील तटकरे की भूमिका के पहलू को भी शामिल किया जाए। कदम ने तटकरे की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वे उपमुख्यमंत्री बनना चाहते थे। उनके इस बयान ने महाराष्ट्र की राजनीति में खलबली मचा दी है।
फडणवीस के सामने गठबंधन संभालने की चुनौती
एक तरफ शिंदे गुट का वरिष्ठ नेता है, तो दूसरी तरफ अजीत पवार गुट का प्रदेश अध्यक्ष। दोनों ही महायुति सरकार के अहम घटक हैं। ऐसे में एक सहयोगी दल के नेता द्वारा दूसरे सहयोगी दल के प्रमुख पदाधिकारी पर इतने गंभीर आरोप लगाना गठबंधन में आपसी विश्वास की स्थिति पर सवाल खड़े करता है। महायुति में पहले भी राजनीतिक हिस्सेदारी, चुनावी वर्चस्व और एक-दूसरे के खिलाफ काम करने को लेकर नाराजगी सामने आती रही है। अब विवाद ने और गंभीर रूप ले लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामने सहयोगी दलों के बीच बढ़ते टकराव को संभालने की चुनौती है।

अन्य समाचार