मुख्यपृष्ठनए समाचारमनपा सभागृह में विपक्ष की आवाज पर पहरा!

मनपा सभागृह में विपक्ष की आवाज पर पहरा!

-भाजपा पर विपक्षी नगरसेविका को बोलने से रोकने का आरोप

जेदवी / मुंबई

मनपा के सभागृह में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिलने का गंभीर आरोप सामने आया है। वार्ड क्रमांक ६६, अंधेरी-पश्चिम की नगरसेविका मेहर मोहसिन हैदर ने सभागृह की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि उन्हें बार-बार बोलने से रोका जाता है। उन्होंने इसे भाजपा के नेतृत्व वाली सत्ता की मनमानी बताते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। इस संबंध में उन्होंने महापौर को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। मेहर हैदर के मुताबिक, सभागृह की बैठकों के दौरान उन्हें नागरिकों की समस्याएं और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाने का अवसर नहीं दिया जाता। निर्वाचित जनप्रतिनिधि होने के बावजूद उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका सवाल है कि यदि जनप्रतिनिधियों को ही जनता की समस्याएं रखने की स्वतंत्रता नहीं मिलेगी, तो लोकतंत्र और जवाबदेही का क्या अर्थ रह जाएगा?
सड़क, जलापूर्ति, जलनिकासी, सार्वजनिक स्वास्थ्य, शिक्षा, अवैध निर्माण, अतिक्रमण, भ्रष्टाचार और महानगरपालिका निधि के कथित दुरुपयोग जैसे मुद्दे उठाना प्रत्येक नगरसेवक की जिम्मेदारी है। लेकिन सभागृह में बोलने का अवसर नहीं मिलने से इन समस्याओं को प्रशासन के सामने रखने में बाधा उत्पन्न हो रही है। इसका खामियाजा आम मुंबईकरों को भुगतना पड़ सकता है।

अन्य समाचार