-स्वामीनारायण मंदिर में भगवान को 1,111 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित, संतों के सानिध्य में उमड़े श्रद्धालु
सामना संवाददाता / मुंबई
दीपावली के नववर्ष विक्रम संवत 2083 के बलि प्रतिपदा पर्व पर दहिसर के आनंद नगर, बाभली पाड़ा के समीप स्थित श्री जागा स्वामी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण (जाप्स) मंदिर में भक्ति और श्रद्धा का अनुपम संगम देखने को मिला। अवसर था पारंपरिक अन्नकूट महोत्सव का, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किए।
मंदिर के संस्थापक पूज्य सच्चिदानंद स्वामी के पट्टशिष्य संत श्री योगीजी, संत महानुभवानंद , संत घनश्याम प्रसाद स्वामी तथा संत मिस्त्री स्वामी के सानिध्य में सत्संग सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगवान श्री स्वामीनारायण को आकर्षक वस्त्रों और आभूषणों से अलंकृत किया गया।
जाप्स परिवार के हरिभक्तों और महिला मंडल ने गोवर्धन पूजा के उपलक्ष्य में 1,111 प्रकार के पकवान तैयार कर भगवान को अर्पित किए। इनमें मिठाइयां, विभिन्न सब्जियां, अचार, फरसाण, शरबत, फल, पान-मुखवास और चॉकलेट सहित अनेक व्यंजन शामिल थे।
संत श्री योगीजी ने अपनी मधुर वाणी में भगवान द्वारा मनाए गए उत्सव का महात्म्य समझाया और महाआरती संपन्न की। बाल मंडल एवं तरुण भक्त मंडली ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। भरत व्यास ने कार्यक्रम का संचालन किया। अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। पूरा मंदिर परिसर भक्ति, भजन और जयकारों से गूंज उठा।
