सूफी खान
ईरान पर हमले के लिए नेतन्याहू हाथ-पैर मार रहे हैं, लेकिन इजरायल के अगले प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में शामिल गादी आइजेनकोट उनके हाथ बांधने में लगे हुए हैं। इजरायल की राजनीति इस वक्त अहम मोड़ पर है और वहां के विपक्षी खेमे ने प्रधानमंत्री नेतन्याहू को सियासी तौर पर पूरी तरह सत्ता से बेदखल करने का मन बना लिया है। लेकिन किसी भी कीमत पर कुर्सी पर बने रहने की चाह में नेतन्याहू ईरान पर हमले की फिराक में हैं।
‘यशार’ पार्टी के नेता और सांसद गादी आइजेनकोट ने एक चाल चली है। उन्होंने कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को पत्र लिखकर चेतावनी दी है कि नई सरकार के गठन तक ईरान पर किसी भी तरह का हमला न किया जाए। दरअसल, इजरायल की सत्ता से जाते-जाते प्रधानमंत्री नेतन्याहू की दिली ख्वाहिश है कि इजरायल ईरान पर एक और हमला करे। हो सकता है कि कार्यवाहक प्रधानमंत्री रहते हुए नेतन्याहू फिर से ऐसा कोई कदम उठा लें। यानी ईरान पर पहले हमले की हिमाकत करें और फिर अमेरिका तो साथ आ ही जाएगा।
पिछले दिनों इजरायल की संसद यानी नेसेट में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया था। नेसेट में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि ईरान में जब तक सत्ता परिवर्तन नहीं होगा, तब तक इजरायल सुरक्षित नहीं हो सकता। नेतन्याहू ने ईरान की अयातुल्ला सरकार का तख्तापलट करने की अपील की। यहां अयातुल्ला सरकार से आशय ईरान की उस इस्लामी शासन व्यवस्था से है, जो १९७९ की इस्लामी क्रांति के बाद अस्तित्व में आई थी। ऐसे में आइजेनकोट की यह अपील उस वक्त आई है, जब कई रिपोर्टों में दावा किया गया है कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर ईरान पर फिर से हमला करने का दबाव बना रहे हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, आइजेनकोट ने इजरायल की अटॉर्नी जनरल गाली बहारव-मियारा से भी नेतन्याहू के पैâसलों में हस्तक्षेप करने की अपील की है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उन्हें प्रधानमंत्री की ओर से सुरक्षा संबंधी नियमित ब्रीफिंग मिलती रहे। कहा जाता है कि नेतन्याहू इजरायल के चुनाव से पहले भी ईरान पर हमला करना चाहते थे, लेकिन अमेरिका ने उन्हें मना कर दिया था। अब चुनाव में हार के बाद भी नेतन्याहू की कोशिश ईरान पर हमला करने की है। वह जाते-जाते ईरान पर बड़ा हमला करना चाहते हैं। इजरायली मीडिया चैनलों का दावा है कि नेतन्याहू ने पिछले दिनों इजरायल डिफेंस फोर्सेज के प्रमुख इयाल जमीर से ईरान पर हमला करने के लिए कहा था, लेकिन जमीर ने इससे इनकार कर दिया। उनका कहना है कि फिलहाल एक और युद्ध में उतरना उचित नहीं है।
जानकारों का मानना है कि ईरान पर हमला करके नेतन्याहू अपनी सियासी स्थिति मजबूत करना चाहते हैं। जिस तरह इजरायल की जनता ने उनकी पार्टी को सत्ता से दूर कर दिया है और इजरायल में यहूदी विपक्षी दलों तथा अरब पार्टियों के बीच गठबंधन की संभावनाएं बढ़ रही हैं, उससे नेतन्याहू की मुश्किलें बढ़ गई हैं। विपक्ष तो यहां तक कह रहा है कि सत्ता में आने के बाद वह इस बात की जांच कराएगा कि इजरायल को युद्ध में क्यों झोंका गया और इतनी बड़ी सुरक्षा चूक कैसे हुई कि हमास ने इजरायल पर हमला कर दिया। इसके अलावा नेतन्याहू पर भ्रष्टाचार के आरोप भी हैं, जिनकी जांच सत्ता से हटने के बाद तेज हो सकती है।
