-अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने गंगा घाटों व कुंड तालाबों पर आस्था का उमड़ा सैलाब
उमेश गुप्ता / वाराणसी
धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में छठ महापर्व की अद्भुत छटा देखने को मिल रही है। लोक आस्था के महापर्व छठ पर काशी पूरी तरह मिनी बिहार के रंग में रंग गई है। गंगा के प्रमुख घाट दशाश्वमेध पर भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। घाटों पर छठी मैया के गीत गूंज रहे हैं, तो हर तरफ आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम दिखाई दिया।
काशी के दशाश्वमेध घाट पर छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। कोई सिर पर पूजा की डलिया लेकर पहुंचा , तो कोई परिवार के साथ गंगा तट पर भगवान भास्कर की उपासना में लीन है। पारंपरिक छठ गीतों के बीच व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
काशी में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के लोगों के लिए छठ सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और संस्कृति से जुड़ा महापर्व है। यही वजह है कि गंगा के घाटों पर मिनी बिहार का नजारा देखने को मिल रहा है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में गंगा के तट पर उमड़ा आस्था का यह सैलाब बता रहा है कि छठ महापर्व की महिमा कितनी व्यापक है। बिहार की लोक संस्कृति और काशी की आध्यात्मिक परंपरा का यह संगम अपने आप में अद्भुत है।
वाराणसी के प्रसिद्ध अस्सी घाट पर भी छठी मैया की पूजा एवं संध्या अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गंगा के पावन तट पर सुबह से ही व्रती महिलाओं और उनके परिजनों का पहुंचना शुरू हो गया था। शाम होते-होते पूरा घाट छठी मैया के जयकारों, पारंपरिक लोकगीतों और भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा। व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तथा अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
वरुणा नदी स्थित शास्त्री घाट पर छठ व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। सूर्य उपासना के इस महापर्व पर घाट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
यहां छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा में सजी व्रती महिलाएं सिर पर पूजन सामग्री से भरे दउरे और हाथों में फल-फूल लेकर घाट पहुंचीं। पूरे विधि-विधान और परंपरा के साथ छठी मैया की पूजा-अर्चना की गई।
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित सूर्य सरोवर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। हजारों श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और मंगलमय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने विधिवत पूजन-अर्चन कर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और लोक कल्याण की कामना की। सूर्य सरोवर परिसर में सात घोड़ों पर सवार सूर्यदेव की भव्य प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और आकर्षक रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा।
छठी मइया के पारंपरिक लोकगीतों, भजन संध्या, हनुमान चालीसा और सुंदरकांड पाठ से वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन में बरेका के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस, NDRF, RPF, नागरिक सुरक्षा दल, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड और भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने सहयोग किया। सभी के समन्वित प्रयासों से आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
जैसे ही भगवान सूर्य अस्ताचल की ओर बढ़े, व्रती महिलाएं नदी के पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने लगीं। दूध और जल से भगवान भास्कर की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की गई। इस दौरान छठ गीतों और छठी मैया के जयकारों से पूरा घाट भक्तिमय हो उठा।
