-छह दिवसीय महोत्सव में 200 प्रकाशक, 600+ स्टॉल, प्रख्यात लेखक, थीम आधारित प्रदर्शनियां एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रवेश नि:शुल्क
सामना संवाददाता / मुंबई
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत (एनबीटी-इंडिया) की ओर से 24 से 29 नवंबर 2026 तक मुंबई विश्वविद्यालय के कालीना परिसर, गेट नम्बर 2 के पास में मुंबई पुस्तक महोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव का आयोजन महाराष्ट्र सरकार, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) मुंबई विश्वविद्यालय के सहयोग से किया जा रहा है। यह महोत्सव पुस्तकों, ज्ञान और भारत की समृद्ध बहुभाषी साहित्यिक विरासत का उत्सव है।
महाराष्ट्र के माननीय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस 24 नवंबर 2026 को सायं 6 बजे मुंबई पुस्तक महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। इस महोत्सव की घोषणा आयोजन स्थल पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की गई, जिसकी अध्यक्षता अमित साटम, मुख्य आयोजक ने की। इस अवसर पर आचार्य पवन त्रिपाठी, मुख्य संयोजक युवराज मलिक, निदेशक, राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत तथा डॉ. अजय भामरे, प्रति-कुलपति, मुंबई विश्वविद्यालय उपस्थित रहे।
600 से अधिक पुस्तक स्टॉलों में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में पाठकों को विभिन्न विधाओं और भाषाओं की पुस्तकों का व्यापक संग्रह उपलब्ध होगा। महोत्सव के दौरान 100 से अधिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें साहित्यिक संवाद, लेखकों से मुलाकात, पुस्तक लोकार्पण, थीम आधारित प्रदर्शनियां, बच्चों की गतिविधियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल होंगी। इन आयोजनों का उद्देश्य सभी आयु वर्ग के पाठकों में पढ़ने की आदत विकसित करना और पुस्तक संस्कृति को मजबूत बनाना है।
इस कार्यक्रम में दिल्ली के उप राज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, आचार्य प्रशांत, पैरालिंपिक खिलाड़ी दीपा मलिक, एड उज्ज्वल निकम, गीतकार मनोज मुन्तशिर, फिल्मकार चंद्र प्रकाश द्विवेदी, अभिनेत्री व लेखिका शेफाली शाह, अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ल, अरुणा डेरे, शशिकांत सावंत, मयूर शाह, राजीव श्रीखंडे, साहित्यकार विश्वास पाटील, शरण कुमार लिंबाले, अश्विन सांघी, आनंद नीलकंठन, अक्षत गुप्ता, मेधा भास्करन, अंजुम चोपड़ा, अंशुल चतुर्वेदी, एहसान वजीर, निकिता ठाकुर, प्रफुल्ल बिल्लौरे आदि वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।
अमित साटम ने यह भी बताया कि महोत्सव में 200 प्रकाशकों के 600 बुक स्टॉल लगने वाले हैं। इसमें वंदे मातरम के 150 वर्ष तथा सरदार पटेल के 150 वर्ष पर विशेष प्रदर्शनी भी लगेगी।
महोत्सव के मुख्य संयोजक मुंबई भाजपा के महामंत्री, सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष व लेखक आचार्य पवन त्रिपाठी ने कहा कि महोत्सव का मुख्य आकर्षण रोजाना सांस्कृतिक संध्या, लेखक मंच तथा बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम होगा। रोज सुबह 10 बजे से 2 बजे तक बच्चों की गतिविधियां, 12 बजे से 5 बजे तक लेखक मंच तथा शाम 7 से 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजकों ने सभी पुस्तक प्रेमियों, साहित्यकारों, शिक्षाविदों और नागरिकों से इस आयोजन में भाग लेकर मुंबई में पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने की अपील की है। इससे संबंधित अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.mumbaibookfestival.com पर संपर्क किया जा सकता है। मुंबई में पहली बार बड़े पैमाने पर आयोजित होने जा रहा यह महोत्सव शहर के साहित्यिक और शैक्षणिक आयोजनों में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
